पार्क में साथ बैठे थे अलग-अलग धर्म के लड़का-लड़की, कुछ लड़कों ने दोनों को घेरा, सवाल-जवाब करते हुए पिटाई की, लड़की की रिपोर्ट पर 4 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
बेंगलुरु के चंद्रा सुवर्णा लेआउट पार्क में स्कूटी पर बैठे थे लड़का-लड़की। इसी दौरान कुछ लड़के उन्हें घेर कर सवाल-जवाब करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने लगे। वहीं, आरोपियों ने युवक को घेरकर लकड़ी के डंडे से पिटाई भी की।
एनसीआई@बेंगलुरु
बेंगलुरु के एक पार्क में एक हिन्दू लड़के और मुस्लिम लड़की से मारपीट की गई और उन्हें धमकाया गया। घटना चंद्रा सुवर्णा लेआउट पार्क में हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार व एक नाबालिग आरोपी को निरुद्ध किया है।

दरअसल, बेंगलुरु के चंद्रा सुवर्णा लेआउट पार्क में लड़का-लड़की स्कूटी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ लड़के उन्हें घेर कर उनसे सवाल-जवाब कर वीडियो रिकॉर्ड करने लगे।
आरोपियों में से एक युवक बार-बार युवती से पूछता है कि क्या उसके घर वालों को पता है कि वो कहां है? साथ ही हिन्दू युवक से पूछता है कि वह दूसरे धर्म की लड़की के साथ क्यों बैठा है? युवकों ने युवती से भी कहा कि वो बुर्का पहनकर एक हिन्दू लड़के के साथ स्कूटी पर क्यों बैठी है? इसके बाद लकड़ी भी उन युवकों के साथ बहस करने लगती है। फिर आरोपी युवक स्कूटी पर बैठे युवक को थोड़ी दूर ले जाते हैं और उससे मारपीट शुरू कर देते हैं। साथ ही लड़की से शर्म करो कहने लगते हैं।
पहले इनकार, वीडियो सामने आने के बाद रुख बदला
इस मामले में पुलिस ने शुरू में हिंसा से इनकार किया, लेकिन वायरल हुए वीडियो में आरोपियों द्वारा युवक को घेरकर लकड़ी से पीटा जाना साफ देखा गया। इसके बाद पुलिस को भी अपना रुख बदलना पड़ा। आरोपियों ने ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। पुलिस ने कहा-युवती ने उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत की है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों वसीम, मंसूर, अफरीद व महिन को गिरफ्तार तथा एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।

प्रियांक खरगे का आया बयान
इस पूरे मामले में सियासत भी शुरू हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे और कर्नाटक की सीएम सिद्धारमैया सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा, ‘राज्य में ‘किसी भी तरह की मॉरल पुलिसिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्नाटक एक प्रगतिशील राज्य है। यह बिहार, उत्तर प्रदेश या मध्य प्रदेश नहीं है।
कांग्रेस की सरकार कभी यूपी बना भी नहीं सकती
उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने प्रियांक खरगे के बयान पर कहा कांग्रेस की सरकार कभी यूपी बना भी नही सकती है, कांग्रेस की सरकार में तुष्टिकरण और आतंकियों को संरक्षण मिलता है। यूपी में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। यूपी का नेतृत्व एक ईमानदार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथ है। कर्नाटक सरकार को यूपी से सीख लेकर अपने यहां कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग ठीक करनी चाहिए। यूपी में कानून को हाथ में लेने की सजा अब बच्चा-बच्चा जानता है।
एमपी के मंत्री सारंग बोले- अपनी कमी छुपाने के लिए मध्यप्रदेश का नाम ले रहे
प्रियांक खड़गे के बयान पर मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा-कांग्रेस सरकार कर्नाटक में फेल हो गई है। कर्नाटक में भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मामले में रिकॉर्ड टूटा है। अपनी कमी को छुपाने के लिए खड़गे उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश का नाम ले रहे हैं।
मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है, कांग्रेस शासित प्रदेश में लगातार कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मध्यप्रदेश में हमने बेटियों के साथ अत्याचार के खिलाफ कानून बनाया है। छोटी बच्ची के साथ दुराचार करने वालों को फांसी की सजा देने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है।
इस प्रकार से अपनी कमी छुपाने के लिए मध्यप्रदेश का नाम लेना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मध्य प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार चुनी है। ऐसे बयान प्रदेश की जनता का मखौल उड़ाने का प्रयास है।
बिहार भाजपा ने कहा-खड़गे का बयान बहुत ही आपत्तिजनक
प्रियांक खड़गे का बयान बहुत ही आपत्तिजनक है। सम्पूर्ण बिहारवासी इसकी घोर निंदा कर रहे हैं। आपने किस मुंह से कह दिया कि कर्नाटक बिहार जैसा राज्य नहीं है। और आपके नेता राहुल गांधी बिहार में वोट मांगने आते हैं तो उनको कहिए कि वोट मांगने नहीं, बिहार में उनको माफी मांगने आना पड़ेगा। उनसे कहिए कि कोई कांग्रेसी नेता जो इस तरह के खयाल बिहार को लेकर रखते हैं, यहां वोट मांगने राजनीति करने कोई नहीं आएं।
जदयू बोली- बिहार की अस्मिता के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
बिहार जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने खड़गे के बयान पर कहा- हम चेतावनी देना चाहते हैं कि बिहार की अस्मिता के साथ छेड़छाड़ या उस पर चोट हम किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं कर सकते। बिहार ने पूरे देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया। ये चाणक्य और महावीर की भूमि है। बिहार की मेधा का डंका पूरे देश ही नहीं पूरे विश्व में बजता है।
वहां, भी देख लीजिए मंत्रीजी जितने भी आईएएस-आईपीएस होंगे, हमारे ही यहां के होंगे और बड़ी तादाद में लोग बेंगलुरु में जाकर नौकरी करते हैं, रहते हैं वोट भी देते हैं। कहीं ऐसा न हो कि आपकी इस टिप्पणी के बाद अगले चुनाव में वोट की चोट जब पड़े तो फिर दर्द पुरजोर हो।
