‘भेलपुरी खाते वक्त पूछा मुस्लिम हो? फिर गोली मार दी’, पहलगाम आतंकी हमले के चश्मदीदों ने बयां किया मंजर, अभी तक 1 पर्यटक की मौत की पुष्टि, 12 से अधिक घायल, मृतकों की संख्या काफी अधिक बढ़ने की आशंका, अमित शाह रवाना

एनसीआई@नई दिल्ली/श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के मिनी स्विट्जरलेंड कहे जाने वाले पहलगाम के बेसराण में मंगलवार को खासी संख्या में पर्यटक आए हुए थे। कोई घुड़सवारी कर रहे थे, कुछ हल्का-फुल्का कुछ खा रहे थे तो कुछ वैसे ही इधर-उधर बैठ कर बातचीत कर रहे थे, धरती के इस स्वर्ग की खूबसूरती का मजा ले रहे थे। तभी सेना की वर्दी पहने दो-तीन आतंकी आए। कुछ से उनका नाम पूछा, धर्म की जानकारी ली और गोलियां दाग दीं। इस आतंकी वारदात ने सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है। इस हमले में एक पर्यटक को आतंकी ने उसकी पत्नी के सामने ही गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोग भी शामिल हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पति और वह भेलपूरी खा रहे थे। तभी आतंकी ने उनके पति को गोली मारी। यह पूरा जंगली इलाका है। घायलों को एयर लिफ्ट करके मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। सूत्र ने 27 लोगों की मौत की बात कही है।

बड़ी बात यह है कि यह आतंकी हमला अमरनाथ यात्रा शुरू होने से कुछ महीने पहले हुआ है, जिससे सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। पहलगाम आतंकी हमले के चश्मदीदों ने खौफनाक मंजर बयां किया है। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा के ही एक मुखौटा आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली है।
वीडियो को कृपया कमजोर दिल वाले न देखें –
आतंकी हमले के बाद के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें स्थानीय लोग और पर्यटकों को भागते हुए देखा जा सकता है। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक महिला दुःख भरे शब्दों में बता रही हैं कि आतंकियों ने उनके पति को गोली मार दी। इससे पहले आतंकी ने उनसे पूछा कि क्या वह मुस्लिम है? महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ भेलपूरी खा रही थीं, तभी एक आतंकी आया, उसने पूछा मुस्लिम हो? और उनके पति को गोली मार दी।

मेरे पति को बचा लो – महिला की अपील
पहलगाम से आई ताजा तस्वीर में एक महिला स्थानीय लोगों से अपने पति को बचाने की अपील करती नजर आ रही हैं। इस भावुक अपील ने पूरे देश की आंखें नम कर दी हैं। चश्मदीदों का कहना है कि आतंकियों ने पहले नाम पूछ कर उनके धर्म का पता किया और फिर उन पर गोलियां चला दीं।

एक पर्यटक ने बताया कि उनका नाम प्रदीप है। वो पंजाब से कश्मीर घूमने के लिए आए थे। जब यहां पहुंचे तो उन्हें पता चला कि कुछ देर पहले आतंकी हमला हुआ है और कुछ पर्यटकों को गोली लगी है, जिसमें मौत हुई है।
पर्यटक ने कहा, ‘थोड़ा सा डर का माहौल तो हुआ है। हमारे घर से भी फ़ोन आया कि आप वापस आ जाओ। जब हम वापस जाने लगे थे तो हमारे कश्मीरी भाइयों ने कहा कि यहां पर ऐसी कुछ दिक्कत नहीं है, आप यहां पर रुकिए। मगर देखिये डर तो लगता है। यहां पर जो हमारे लोकल लोग हैं वो हमारे साथ हैं।
इधर, पाकिस्तान की कठपुतली बनकर जम्मू और कश्मीर में कायराना वारदातों को अंजाम देने वाले बुजदिलों ने एक बार फिर अपनी औकात दिखा दी है।
प्रधानमंत्री के निर्देश के बाद अमित शाह रवाना
इस वारदात की जानकारी सामने आते ही सऊदी अरब के दौरे पर गए हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की। इसके बाद अमित शाह ने एक बड़ी बैठक ली और कुछ देर बाद बीएसएफ के हेलिकॉप्टर से श्रीनगर के लिए रवाना हो गए। रात आठ बजे तक उनके यहां पहुंचने की सम्भावना है। इसके अलावा कल बुधवार को एनआईए की टीम भी घटनास्थल पर जाएगी।
