रेलवे फाटक बंद होने से बस रुकी, शिक्षिका अचानक उतर कर सामने से आती ट्रेन के आगे कूद गईं, बचाने दौड़ा युवक सफल नहीं हो पाया, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
झुंझुनूं में सरकारी शिक्षिका अर्चना जांगिड़ ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बस में बैठी अर्चना अचानक नीचे उतरीं और तेजी से रेलवे ट्रेक की ओर बढ़ीं। वहां पहुंचकर उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के सामने से आ रही ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
एनसीआई@झुंझुनूं
झुंझुनूं शहर के गुढ़ा रेलवे फाटक के पास मंगलवार सुबह हुए एक हृदयविदारक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। राजकीय सेठ रघुनाथ पोद्दार सीनियर सेकेंडरी स्कूल की शिक्षिका अर्चना जांगिड़ (38) पत्नी संदीप जांगिड़ ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों के बीच सनसनी फैल गई।

ट्रेन की चपेट में आने से उछलकर दूर जा गिरी, मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह 8.15 बजे रेलवे फाटक बंद होने के चलते एक बस फाटक पर रुकी हुई थी। उसी बस में बैठी हुईं अर्चना जांगिड़ अचानक नीचे उतरीं और तेजी से रेलवे ट्रेक की ओर बढ़ीं। वहां पहुंचकर उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के सामने से आ रही ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। यह सब इतना अचानक हुआ कि पास में खड़ा एक युवक उन्हें बचाने के लिए दौड़ा भी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। ट्रेन की चपेट में आने से अर्चना उछलकर दूर जा गिरीं और इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। बाद में मृतका के परिजनों को सूचित किया गया।
मिलनसार और जिम्मेदार शिक्षिका थी अर्चना
मृतका अर्चना जांगिड़ झुंझुनूं जिले के साह मार्केट स्थित जांगिड़ गेस्ट हाउस की निवासी थीं। उन्होंने 5 जनवरी 2013 को अजाड़ी कलां के बालिका विद्यालय में शिक्षिका के रूप में अपना कार्यभार संभाला था। इसके बाद 11 जनवरी 2021 को उनका स्थानांतरण राजकीय सेठ रघुनाथ पोद्दार सीनियर सेकंडरी स्कूल में हुआ, जहां वे गणित पढ़ाती थीं।

विद्यालय स्टाफ और स्थानीय लोगों के अनुसार, अर्चना जांगिड़ मिलनसार, कर्मठ और जिम्मेदार शिक्षिका थीं। उनके इस कदम से पूरा शिक्षक समुदाय, विद्यार्थी और उनके परिवारजन स्तब्ध और सदमे में हैं।
परिवार में मचा कोहराम
अर्चना के परिवार में पति संदीप जांगिड़, 4 वर्षीय पुत्र गर्वित और 12 वर्षीय पुत्र विदित हैं। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अर्चना ने राजस्थान यूनिवर्सिटी से बीएससी और शेखावाटी दीनदयाल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन किया था।

