तहसीलदार और गार्ड 25 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार, जमीन कन्वर्जन के लिए मांगे थे 1.40 लाख रुपए
एनसीआई@रामगंजमंडी (कोटा)
कोटा एसीबी ने मंगलवार को जिले के रामगंजमंडी में बड़ी कार्रवाई करते हुए चेचट तहसीलदार भरत कुमार यादव और गार्ड दिनेश को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते ट्रेप कर लिया। यह कार्रवाई दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चली। एसीबी की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
भूमि कन्वर्जन और समर्पण करवाने के लिए मांगी रिश्वत
एएसपी मुकुल शर्मा ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया- एसीबी कोटा स्पेशल यूनिट को परिवादी ने शिकायत देकर बताया था कि उसके द्वारा खरीदी गई 3 बीघा भूमि को औद्योगिक भूमि में कन्वर्जन और समर्पण करवाने के लिए एक प्रार्थना पत्र तहसीलदार कार्यालय चेचट और एसडीएम कार्यालय रामगंजमंडी में ऑनलाइन अप्लाई किया था। इसे कई दिन से पेंडिग रखकर तहसीलदार द्वारा रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा था।
परिवादी ने आरोप लगाया था कि तहसीलदार उससे 1 लाख 40 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा है। तहसीलदार द्वारा गार्ड को पैसे देने की बात कहने का सत्यापन होने के बाद ट्रेप करने की कार्रवाई शुरू की गई। इसके बाद तहसीलदार द्वारा कहने पर गार्ड ने परिवादी से 25 हजार रुपए लिए। इस पर एसीबी की टीम ने तहसीलदार भरत कुमार यादव और गार्ड दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
