March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बहुचर्चित कांड का सनसनीखेज खुलासा: शिलांग में पति की हत्या और गाजीपुर में पत्नी का समर्पण… उत्तर प्रदेश ऐसे पहुंची इंदौर वाली बेवफा सोनम

बहुचर्चित कांड का सनसनीखेज खुलासा: शिलांग में पति की हत्या और गाजीपुर में पत्नी का समर्पण… उत्तर प्रदेश ऐसे पहुंची इंदौर वाली बेवफा सोनम

इस बहुचर्चित मामले में सबसे बड़ा मोड़ 9 जून की सुबह तब आया, जब सोनम गाजीपुर जिले के नंदगंज इलाके में एक ढाबे पर पहुंची और वहां से उसने ढाबे मालिक का फोन लेकर अपने भाई को वीडियो कॉल किया। उसने बताया कि वह गाजीपुर में है और जिंदा है। इस कॉल के बाद परिवार ने इंदौर पुलिस को सूचना दी। इंदौर पुलिस ने गाजीपुर पुलिस को सूचित किया। इस बीच ढाबे वाले ने भी 112 नम्बर पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और सोनम को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।

एनसीआई@इंदौर/गाजीपुर

देशभर में चर्चा का विषय बन चुकी मध्य प्रदेश के इंदौर के राजा और सोनम की कहानी का आज सोमवार सुबह बेहद सनसनीखेज खुलासा हुआ। शादी के महज 12 दिन बाद पति की हत्या, फिर खुद गायब हो जाना और अब उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिलना, इसके बाद खुद सोनम के एक कॉल से खुली हुई पूरी साजिश। यह कोई फिल्मी स्क्रिप्ट नहीं है, बल्कि इस केस की बेहद चौंकाने वाली कहानी है। इस मामले में पुलिस ने सोनम सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, बाणगंगा थाना क्षेत्र की गोविंद कॉलोनी निवासी सोनम की शादी 11 मई को केट रोड के राजा रघुवंशी से हुई थी। दोनों परिवार इस शादी से बेहद खुश थे। शादी के बाद यह जोड़ा 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग रवाना हुआ। इनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल थीं, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि यह कहानी जल्द ही एक हत्या और गिरफ्तारी में बदल जाएगी। सोनम और राजा 22 मई को मेघालय के मवालखियाट गांव पहुंचे और वहां के शिपारा होम स्टे में रुके।

सीसीटीवी फुटेज में उन्हें स्कूटी पर बैग ले जाते देखा गया। दोनों नोंग्रियाट इलाके में पर्यटक के तौर पर घूम रहे थे। लेकिन 23 मई को सुबह 6 बजे दोनों होटल से चेकआउट कर गए, उसके बाद से उनका परिवार से सम्पर्क टूट गया। राजा की मां ने दोपहर डेढ़ बजे सोनम से बात की थी, जिसमें उसने कहा – हम लोग जंगल और झरनों में घूमने निकले हैं। इसके आधे घंटे बाद ही सोनम का मोबाइल बंद हो गया।

फिर ऐसे जुड़ती गई कड़ी से कड़ी

24 मई को मवालखियाट से 25 किलोमीटर दूर एक पार्किंग में स्कूटी लावारिस हालत में मिली। यह वही स्कूटी थी, जिसे राजा ने हनीमून के लिए किराए पर लिया था। इसके बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय गाइड और ट्रेकिंग टीम की मदद से जंगलों में तलाश शुरू हुई। 28 मई को पास के जंगल में दो बैग बरामद हुए। इनमें से एक बैग सोनम के भाई ने और दूसरा राजा की मां ने पहचान लिया। 2 जून को विजाडोंग इलाके में एक गहरी खाई से राजा रघुवंशी का शव बरामद हुआ। शव की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से हुई। शव के पास एक महिला की सफेद शर्ट, पेंट्रा टेबलेट और एक टूटी हुई मोबाइल की स्क्रीन मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि राजा की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या थी।

अब सबसे बड़ा सवाल था-सोनम कहां है?

शुरु में माना जा रहा था कि वह भी किसी हादसे का शिकार हो गई होगी, लेकिन पुलिस ने उसकी हत्या या आत्महत्या की कोई पुष्टि नहीं की थी‌। इंदौर पुलिस, मेघालय पुलिस और केन्द्रीय एजेंसियों की मदद से सोनम की लोकेशन ट्रेक करने की कोशिशें शुरू हुईं।

आज, 9 जून की सुबह गाजीपुर से आया कॉल

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ आज सोमवार, 9 जून की सुबह आया। सोनम गाजीपुर जिले के नंदगंज इलाके में एक ढाबे पर पहुंची और वहां से उसने ढाबे मालिक का फोन लेकर अपने भाई को वीडियो कॉल किया। उसने बताया कि वह गाजीपुर में है और जिंदा है। इस कॉल के बाद परिवार ने इंदौर पुलिस को सूचना दी। इंदौर पुलिस ने गाजीपुर पुलिस को सूचित किया। इस बीच ढाबे वाले ने भी 112 नम्बर पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और सोनम को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।

सोनम की मेडिकल जांच और पहली जानकारी

गाजीपुर पुलिस ने महिला डॉक्टरों की टीम से सोनम की प्रारम्भिक जांच करवाई। रिपोर्ट के अनुसार, उसके शरीर पर किसी तरह की चोट या शारीरिक प्रताड़ना के निशान नहीं पाए गए। पुलिस ने सोनम को बरामद कर, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह शिलांग से गाजीपुर तक कैसे पहुंची? उसके साथ और कौन था? पुलिस इसकी जांच कर रही है।

मेघालय पुलिस ने इस केस में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपी इंदौर से गिरफ्तार किए गए हैं। एक आरोपी उत्तर प्रदेश से है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस के अनुसार, इस मर्डर प्लान में सोनम की भूमिका प्रमुख है। सोनम इंदौर के ही राज कुशवाहा से अफेयर था, इसलिए उसके साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग

22 मई को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें सोनम और राजा स्कूटी पर आते हुए और बैग रखते हुए दिख रहे हैं। सोनम ने उस दिन जो सफेद शर्ट पहनी थी, वही शर्ट राजा के शव के पास मिली थी। यह फुटेज जांच में अहम साबित हो रहा है, क्योंकि इससे साबित होता है कि दोनों आखिरी बार कहां देखे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.