April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जिम में फंदे से लटका मिला बॉडी बिल्डिंग के मिस्टर राजस्थान का शव

जिम में फंदे से लटका मिला बॉडी बिल्डिंग के मिस्टर राजस्थान का शव

एनसीआई@चित्तौड़गढ़

शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित वॉरियर फिटनेस जिम के संचालक जयकिशन लोठ उर्फ जैकी (42) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जयकिशन लोठ उर्फ जैकी ने बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर राजस्थान का खिताब हासिल किया था। सुबह जब लोग रोज की तरह उनके जिम में एक्सरसाइज के लिए पहुंचे तो जैकी को फंदे से लटका पाया। यह देखकर सभी घबरा गए और पुलिस को सूचना दी।

कोतवाली थाने से एएसआई मदनलाल जगत ने बताया कि जानकारी मिलने पर वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जैकी छत पर लगे हुक में रस्सी से फंदे पर लटके मिले। वहां उनका कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल उनकी आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। इसका पता करने के लिए जैकी के मोबाइल की जांच कर रही है।

बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर राजस्थान जैसे खिताब के अलावा जैकी ने जिले और राज्य स्तर की कई बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल हासिल किए थे। एएसआई मदनलाल जगत ने बताया कि जैकी प्रतापनगर क्षेत्र के रहने वाले थे। वे पिछले दो साल से वॉरियर फिटनेस नाम से अपना जिम चला रहे थे।
जैकी सिर्फ बॉडी बिल्डिंग तक ही सीमित नहीं थे। उन्हें बास्केटबॉल और स्केटिंग में भी दिलचस्पी थी। वह इनके भी अच्छे खिलाड़ी माने जाते थे। वे बच्चों और युवाओं को फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग की ट्रेनिंग भी दिया करते थे। उनके जिम में रोज बड़ी संख्या में लोग फिटनेस के लिए पहुंचते थे।

जैकी के परिवार में उनकी पत्नी और 12 साल की एक बेटी है। उनके माता-पिता नगर परिषद में सफाईकर्मी थे, जो अब रिटायर हो चुके हैं। जैकी की अचानक हुई मौत से उनका परिवार सदमे में है।मोहल्ले और परिचितों में भी शोक है।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जैकी का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और उसकी कॉल डिटेल और मैसेज की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जैकी किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद से तो नहीं गुजर रहे थे। जल्द ही इस मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.