बूंदी: ग्राम विकास अधिकारी 6 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
एनसीआई@बूंदी
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले की नैनवां तहसील में ग्राम पंचायत गुढा देवजी के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) कन्हैया लाल को 6 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने यह राशि परिवादी से उसके पिता के नाम पर जारी पट्टे का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराने के एवज में मांगी थी।
यह है पूरा मामला
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी चौकी बूंदी को एक शिकायत मिली थी कि आरोपी कन्हैया लाल, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत गुढा देवजी, तहसील नैनवां, जिला बूंदी परिवादी से उसके पिता के पट्टे का पंजीकरण कराने के लिए 6 हजार रुपए रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है।
इस शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा के पर्यवेक्षण में तथा उप पुलिस अधीक्षक हरीश भारती के नेतृत्व में ट्रेप टीम का गठन किया गया। इस टीम में उप पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद, सहायक उप निरीक्षक इस्माइल अंसारी, हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल विक्रम सिंह हाड़ा और मनोज कुमार शामिल थे। इस टीम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी कन्हैया लाल को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। रिश्वत की यह राशि आरोपी कन्हैया लाल की पेंट की जेब से बरामद की गई। उससे पूछताछ जारी है। कन्हैया लाल के खिलाफ एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
