बूंदी में अपराध समीक्षा बैठक : डीआईजी गोयल ने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए जिलेभर के अधिकारियों को दिए अहम दिशा-निर्देश
एनसीआई@बूंदी
उप महानिरीक्षक पुलिस (डीआईजी) कोटा रेंज राजेन्द्र प्रसाद गोयल ने शुक्रवार को बूंदी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। इसमें उन्होंने अधिकारियों को अहम दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसपी बूंदी राजेन्द्र कुमार मीणा ने जिले की कानून व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान डीआईजी गोयल ने विभिन्न पहलुओं एवं रेंज स्तर पर चलाए जा रहे अभियानों के बारे में विचार-विमर्श कर दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जिले की केस पेन्डेसी को मुख्यालय के मापदंड के अनुसार लाने, पुराने प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने, पोक्सो एक्ट के प्रकरणों में त्वरित अनुसंधान करने, पुलिस प्राथमिकता की अक्षरशः पालना करने, लोकल एवं स्पेशल एक्ट की अधिकाधिक कार्यवाही करने, इमदादी कार्यवाही करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी करने, वाहन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एमवी एक्ट के तहत कार्यवाही करने तथा आवश्यक कदम उठाने की हिदायत दी।

इसके साथ ही थाने पर आने वाले परिवादियों से अच्छा व्यवहार करने तथा उनके परिवादों पर तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। डीआईजी गोयल ने अधिकारियों को अपराधों पर त्वरित अंकुश लगाने तथा सम्पत्ति सम्बंधी अपराधों पर लगाम लगाने के लिए प्रभावी कार्यप्रणाली बनाने की बात कही।

बैठक में एसपी राजेन्द्र कुमार मीणा के अलावा एएसपी उमा शर्मा, एएसपी महिला अपराध अनुसंधान सेल जसवीर मीणा सहित सभी वृताधिकारी व थानाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रारम्भ में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर डीआईजी गोयल को गार्ड द्वारा सलामी दी गई।
