April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: स्वर्ण सिंहासन पर विराजेंगे भगवान श्री रंगनाथ, 3 सितम्बर को निकलेगी ऐतिहासिक डोल यात्रा

बूंदी: स्वर्ण सिंहासन पर विराजेंगे भगवान श्री रंगनाथ, 3 सितम्बर को निकलेगी ऐतिहासिक डोल यात्रा

• देवस्थान विभाग और सेवा समिति ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
• पूर्व राजपरिवार के सदस्य महाराव राजा वंशवर्धन सिंह आरती उतारकर करेंगे यात्रा का शुभारम्भ

एनसीआई@बूंदी

छोटी काशी के नाम से विख्यात बूंदी शहर एक बार फिर भक्ति और परम्परा के अनूठे संगम का साक्षी बनने जा रहा है। आगामी 3 सितम्बर, बुधवार को भगवान श्री रंगनाथ जी की भव्य और ऐतिहासिक डोल यात्रा निकाली जाएगी। इस वर्ष का मुख्य आकर्षण भगवान श्री रंगनाथ का स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करना रहेगा।

यात्रा श्री रंगनाथ मंदिर से ठीक शाम 5 बजे प्रारंभ होगी। इसे लेकर देवस्थान विभाग और श्री रंगनाथ सेवा समिति ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा की भव्यता को लेकर देवस्थान विभाग, कोटा संभाग के सहायक आयुक्त केके खंडेलवाल और निरीक्षक आशुतोष गुप्ता के साथ एक विशेष बैठक हुई। दोनों अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि इस वर्ष डोल यात्रा महोत्सव को और अधिक प्रभावी ढंग से मनाया जाएगा। उन्होंने भगवान श्री रंगनाथ को नगर भ्रमण के दौरान स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान करने का आश्वासन दिया है, जिससे भक्तों में भारी उत्साह है।

यह रहेगा यात्रा का भव्य मार्ग

डोल यात्रा का शुभारम्भ मोती महल से होगा, जहां बूंदी के महाराव राजा वंशवर्धन सिंह भगवान श्री रंगनाथ, श्री गोविंदा नाथ एवं श्री पीताम्बर जी की आरती उतारकर यात्रा को नगर भ्रमण के लिए रवाना करेंगे। इसके बाद यात्रा का पहला पड़ाव बुलबुल का चबूतरा होगा। वहां से जगदीश मंदिर और श्री चारभुजा नाथ मंदिर (तिलक चौक) पर पुजारी पंडित गणेश शर्मा द्वारा आरती की जाएगी।

यात्रा अपने पारम्परिक मार्ग से होते हुए राव भाऊ सिंह जी, कल्याण राय मंदिर और चौमुखा स्थित श्री हस्त गणेश जी मंदिर पहुंचेगी, जहां भव्य आरती का आयोजन होगा। चूड़ी बाजार, कागदी देवरा और सेठ जी का चौक जैसे प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए भक्तजन और आरती वाले वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करेंगे।

यात्रा का मुख्य पड़ाव रावला चौक स्थित राम सागर रहेगा, जहां बूंदी के महाराव राजा वंश वर्धन सिंह पूजा-अर्चना के साथ भगवान की आरती उतारेंगे। इसके पश्चात डोल यात्रा वापस रावला चौक स्थित श्री रंगनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ इस भव्य महोत्सव का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.