प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 सितम्बर को रहेंगे बांसवाड़ा दौरे पर, विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की देंगे सौगात, 15 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी मिलेंगे
एनसीआई@कोटा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार (25 सितम्बर) को एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर बांसवाड़ा से प्रदेश को 42 हजार करोड़ रुपए की माही बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना सहित अन्य परियोजनाओं और विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे इस अवसर पर राजस्थान सरकार के 30 हजार 339 करोड़ रुपए से अधिक के 48 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर 15 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सियाम ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में भी किया जाएगा।
15 हजार युवाओं को प्रदान किए जाएंगे नियुक्ति पत्र
राजस्थान में युवाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार तत्परता के साथ कार्य कर रही है। इस क्रम में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में 5 हजार 778 पशु परिचरों, 4 हजार 197 कनिष्ठ सहायकों, 1 हजार 800 कनिष्ठ अनुदेशकों, 1 हजार 464 कनिष्ठ अभियंताओं, 1 हजार 200 तृतीय श्रेणी लेवल-2 के अध्यापकों, अन्य पदों एवं अनुकम्पा नियुक्ति सहित 15 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर सियाम ऑडिटोरियम में कोटा जिले के नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
