स्कूल वैन और एसयूवी की जोरदार भिड़ंत, 2 छात्राओं की मौत, 4 अन्य बच्चे गम्भीर घायल, कोटा अस्पताल में भर्ती
एनसीआई@कोटा
जिले के इटावा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरअसल गैंता और इटावा के बीच एक प्राइवेट स्कूल की वैन और एसयूवी की आमने-सामने हुई टक्कर में दो मासूम छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घायलों में से 4 की हालत गम्भीर बताई जा रही है।

इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाल कर पहले स्थानीय इटावा उप जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से गम्भीर घायल बच्चों को कोटा रेफर कर दिया गया।
भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहन पलटे
इटावा के डीएसपी शिवम जोशी ने बताया कि वैन गुमानपुरा के स्कूल ऑफ जॉय एंड हैपीनेस की थी। इसमें बच्चे स्कूल जा रहे थे। हादसा शनिवार सुबह करीब 8 बजे वैन का एक टायर फट जाने से हुआ। इस दौरान श्योपुर (मध्यप्रदेश) से बूंदी की ओर जा रही एसयूवी से वैन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पलट गए। इससे कई बच्चे अंदर फंस गए तो कुछ उछल कर काफी दूर जा गिरे। इस वैन में 7 बच्चों के बैठने की क्षमता थी, इसके मुकाबले इसमें 12 विद्यार्थी बैठे हुए थे।

वैन चालक भी घायल
मृतक छात्राओं की पहचान 15 वर्षीय तनु धाकड़ (कक्षा 10वीं) और 8 वर्षीय पारुल आर्य (कक्षा 4वीं) के रूप में हुई है। 4 अन्य बच्चों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें कोटा अस्पताल रेफर किया गया है। वैन चालक और एसयूवी में सवार एक व्यक्ति भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिनका इटावा अस्पताल में चल रहा है। पहले हादसे के बाद एसयूवी चालक मौके से फरार हो गया था।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम इटावा, पालिका अध्यक्ष रजनी सोनी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृत छात्राओं के परिजनों की चीख-पुकार अस्पताल परिसर में गूंजती रही। इस बीच कई परिजन बच्चों की हालत जानने के लिए इटावा अस्पताल पहुंचे, जिससे अस्पताल के बाहर भारी भीड़ लग गई।
