राजस्थान: फर्जी FMGE सर्टिफिकेट से सरकारी कॉलेज में इंटर्नशिप की, 3 डॉक्टर गिरफ्तार
डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी, डॉ. शुभम गुर्जर व डॉ. देवेन्द्र सिंह (बाएं से दाएं)
एनसीआई@जयपुर
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन फर्जी डॉक्टर्स को गिरफ्तार किया। इन तीनों आरोपी डॉक्टर्स ने विदेश से एमबीबीएस कर FMGE का फर्जी सर्टिफिकेट लेकर इंडिया में इंटर्नशिप की। फिलहाल इनसे एसओजी पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी निवासी प्रेम रुक्मणी, दौसा, डॉ. शुभम गुर्जर निवासी खेरवाल, दौसा और डॉ. देवेन्द्र सिंह गुर्जर निवासी खुरी कला, दौसा हैं।
एसओजी ने सूचना पर कार्रवाई को दिया अंजाम
एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी को सूचना मिली थी कि डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी निवासी दौसा ने FMGE परीक्षा पास नहीं होने के बावजूद गैंग की मदद से फेक FMGE सर्टिफिकेट तैयार कराया। इसी के आधार पर NMC से इंटर्नशिप की अनुमति हासिल कर ली। इंटर्नशिप के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज करौली का आवंटन भी हो गया था।

यह सूचना मिलने के बाद एसओजी ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इसमें सामने आया कि आरोपी डॉ. पीयूष ने साल-2020 में जॉर्जिया से एमबीबीएस किया था। भारत में मेडिकल प्रेक्टिस के लिए अनिवार्य FMGE परीक्षा उसने तीन बार साल-2022, 2023 और 2024 में दी। तीनों बार वह इस परीक्षा में फेल हो गया।
बंसल ने बताया कि बार-बार असफल होने पर उसने परिचित डॉ. देवेन्द्र सिंह गुर्जर से कॉन्टेक्ट किया। देवेन्द्र ने अपने साथी डॉ. शुभम गुर्जर और अन्य लोगों के साथ मिलकर पीयूष को 16 लाख रुपए में फेक सर्टिफिकेट और NMC का रजिस्ट्रेशन दिलवा दिया। इसी फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर पीयूष ने करौली मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप पूरी कर ली।
जांच में सामने आए चौंकाने वाले खुलासे
वहीं, डॉ. शुभम गुर्जर ने भी FMGE के फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर राजीव गांधी हॉस्पिटल अलवर में इंटर्नशिप की। डॉ. देवेन्द्र सिंह गुर्जर ने इसी गिरोह के माध्यम से फर्जी सर्टिफिकेट लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज दौसा से इंटर्नशिप पूरी की।
एसओजी की प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि पेशेवर गिरोह बड़ी रकम लेकर विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को फर्जी सर्टिफिकेट दिलवाने का काम करता है। एसओजी की ओर से FMGE का फेक सर्टिफिकेट तैयार करने वाले नेटवर्क, बिचौलिए और फेक डिग्री लेकर इंटरर्नशिप कर चुके अन्य डॉक्टर्स की पहचान की जा रही है।
