राजस्थान: इंस्टाग्राम पर फेक करेंसी बेचने वाली गैंग का मास्टर माइंड गिरफ्तार, कम कीमत में नकली नोट देने का देता था झांसा, लाखों की कर चुके ठगी
एनसीआई@टोंक
जिले के उनियारा थाना पुलिस ने रविवार को साइबर ठगी करने वाली गैंग के मास्टर माइंड को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस चार अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।
एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि सोशल मीडिया पर नकली भारतीय मुद्रा (Fake Currency) बेचने का प्रलोभन देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ उनियारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में मास्टर माइंड दिनेश कुमार (22) पुत्र कालूलाल मीणा निवासी गांगली थाना उनियारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके कब्जे से वारदात में काम लिया जाने वाला एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

प्रारम्भिक पूछताछ में इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब अन्य आरोपियों दिलराज मीणा, शशि मोहन मीणा, आत्माराम और बबलू की तलाश कर रही है। ये सभी निवासी उनियारा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
जिला एसपी राजेश कुमार ने बताया कि 6 दिसम्बर को पुलिस को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर ‘Indian_Fake_Currency_17’ नाम से एक आईडी संचालित की जा रही है। इस आईडी के जरिए शातिर ठग लोगों को कम कीमत में नकली नोट उपलब्ध कराने का लालच देकर उनसे पैसे ऐंठते थे।
मामले की गम्भीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। एएसपी रतनलाल भार्गव व उनियारा डीएसपी आकांक्षा कुमारी के सुपरविजन में थानाधिकारी कप्तान सिंह ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दिनेश कुमार मीणा दबोच लिया। इसे पकड़ने में उनियारा थानाधिकारी कप्तान सिंह के साथ एएसआई रतन लाल, कॉन्स्टेबल केदार व कॉन्स्टेबल महेन्द्र की विशेष भूमिका रही है।
