भारत ने पाकिस्तान को धो डाला, अंडर 19 एशिया कप में मिली लगातार दूसरी शानदार जीत
एनसीआई@स्पोर्ट्स डेस्क
भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 90 रन से हराकर अंडर 19 एशिया कप 2025 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। भारत की इस जीत में कनिष्क चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि किशन कुमार को दो सफलताएं मिलीं। भारतीय टीम अब अपना आखिरी लीग मैच मलेशिया के खिलाफ 16 दिसम्बर को खेलेगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर 19 एशिया कप 2025 का यह महामुकाबला रविवार को दुबई में खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले खेलते हुए टीम इंडिया 46.1 ओवर में 240 रन पर ऑल आउट हो गई। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 150 रन पर समेटते हुए मुकाबला 90 रन से जीत लिया।
बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ। इसके बाद मैच में 2 ओवर घटे। इस प्रकार यह मैच 49-49 ओवर का हुआ। इस मैच में भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी व विहान मल्होत्रा का जादू नहीं चल सका। आयुष म्हात्रे ने 38 रन बनाए। एरोन जॉर्ज ने सर्वाधिक 85 रन की पारी खेली और अंत में कनिष्क चौहान ने 46 रन बनाए। इस पारी में पाकिस्तान के लिए मोहम्मद सय्याम और अब्दुल सुभान ने 3-3 विकेट झटके।
इस जीत के साथ आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया सेमीफाइनल में भी लगभग पहुंच गई है। यूएई को 234 रन से हराने के बाद भारतीय अंडर 19 टीम ने पाकिस्तान को 90 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। बल्लेबाजों के मामूली प्रदर्शन के बाद भारत के लिए गेंदबाजों ने बाजी पलटी है।
वैभव सूर्यवंशी पाकिस्तान के खिलाफ फिर फ्लाप रहे। आसान सा कैच देकर हुए आउट हुए। इस पर उन्हें ट्रोलर्स ने निशाना बनाया।
पाकिस्तान की टीम 41.1 ओवर में 150 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत की इस जीत में कनिष्क चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने 3-3 विकेट लिए। जबकि किशन कुमार को दो सफलताएं मिलीं। वहीं खिलन पटेल और वैभव सूर्यवंशी को एक-एक सफलता मिली।
