राजस्थान : बच्चों के पतंग लूट के विवाद में परिजन भिड़ गए, एक दूसरे पर किया हमला, एक की मौत और एक घायल, भारी पुलिस बल तैनात
एनसीआई@भीलवाड़ा
कोतवाली थाना क्षेत्र के कावा खेड़ा में मकर संक्रांति पर बुधवार शाम दो बच्चों के बीच पतंग लूटने का विवाद इतना बढ़ गया कि इनके परिजन ही आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर हमला किया। इस विवाद में एक पक्ष के एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरे पक्ष का एक युवक गम्भीर घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। वहीं घायल युवक का भी यहीं इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार अख्तर और भोलू राम रेगर के बच्चों में पतंग लूटने को लेकर विवाद हो गया था। बच्चों के बीच झगड़ा इतना बढ़ा कि अख्तर और भोलू राम का परिवार भी इसमें शामिल हो गया। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला कर मारपीट शुरू कर दी। इसमें अख्तर की मौत हो गई, जबकि भोलू राम के सिर पर चोट आई है।हम

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोतवाली थाना पुलिस के अलावा भी बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता वारदात स्थल और महात्मा गांधी अस्पताल पर तैनात किया गया। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी। दूसरी ओर युवक की मौत के बाद बड़ी संख्या में उसके समाज के लोग व परिजन अस्पताल जमा हो गए।
डीएसपी ने यह बताया

भीलवाड़ा डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद पतंग की बात को लेकर में कुछ बच्चों में झगड़ा हो गया। इसके बाद मामला इतना बढ़ा कि इनके परिजन ही आपस में भिड़ गए। इसमें अख्तर अली पुत्र गफ्फार मौत हो गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के भोलूराम पुत्र हजारी रेगर के सर पर चोट आई है। इसे महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। कई उच्चाधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं व हालात पर निगाह रखे हुए हैं।

