टोंक में पकड़ी नकली दूध बनाने की बड़ी फेक्ट्री, जयपुर सहित 3 जिलों में रोज करीब 80 हजार लीटर मिलावटी दूध की सप्लाई, 5 आरोपी गिरफ्तार, केमिकल जब्त
एनसीआई@टोंक
टोंक में पुलिस ने नकली दूध बनाने वाली बड़ी फेक्ट्री पकड़ी है। इस फेक्ट्री से रोज अजमेर, टोंक और जयपुर करीब 80 हजार लीटर नकली दूध सप्लाई किया जा रहा था। बूंदी में भी इसे सप्लाई किए जाने की आशंका है। यह नकली दूध जहर के समान है। मौके से करीब 5500 लीटर नकली दूध, 5 पिकअप और दूध का एक टेंकर सहित भारी मात्रा में केमिकल जब्त किया है। पुलिस की जिला स्पेशल टीम (DST) ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

डीएसटी ने यह कार्रवाई डिग्गी कस्बे में बागर की ढाणी देशमा रोड के पास स्थित फेक्ट्री में सोमवार देर रात की थी। इसका खुलासा मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे किया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मदन लाल गुर्जर को भी मौके पर बुलाया गया। नकली दूध का सेम्पल लेकर जांच के लिए लेब में भेजा गया है। इस सम्बंध में डिग्गी थाने में मामला दर्ज किया है। नकली दूध बनाने की फेक्ट्री पर छापा मारकर डीएसटी ने भारी मात्रा में केमिकल भी जब्त किया है।
यह सामग्री मौके से की गई जब्त
डीएसटी प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया- नकली दूध के जरिए आम जनता की नसों में जहर घोला जा रहा था। इसकी सूचना पुख्ता होने के बाद डीएसटी ने सोमवार देर रात डिग्गी थाना क्षेत्र स्थित एक फेक्ट्री पर छापेमारी की कार्रवाई की।

फेक्ट्री में करीब 5500 लीटर नकली दूध, दूध से भरी 5 पिकअप, एक दूध का टेंकर जब्त किया। नकली दूध बनाने के लिए सोयाबीन ऑयल (2100 लीटर), वनस्पति घी (500 लीटर), मलाई उतरे दूध का चूर्ण (550 किलोग्राम), लेक्टोज मोनोहाइड्रेट (2500 किलो) व कास्टिक सोडा (105 किलो) भी जब्त किया है।
नकली दूध में कास्टिक सोडा मिलाकर रखते थे फ्रेश
प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि पानी में स्किम्ड मिल्क पाउडर और लेक्टोज मोनोहाइड्रेट की मात्रा मिलाकर उसे दूध का रंग दिया जाता था। साबुन में इस्तेमाल होने वाला कास्टिक सोडा मिलाकर उसे लम्बे समय तक खराब होने से बचाने का फॉर्मूला अपना रहे थे। दूध में फेट बढ़ाने के लिए वनस्पति घी, पाम ऑयल, सोयाबीन ऑयल मिलाया जाता है। इसके बाद यह नकली दूध अलग-अलग टेंकरों में भरकर विभिन्न शहरों में सप्लाई किया जा रहा था।

इन्हें किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से राजू, कालू, महिपाल, शिवराज और ओम प्रकाश को गिरफ्तार किया है। कालू को छोड़कर अन्य चारों आरोपी अजमेर जिले के निवासी हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार-अवैध फेक्ट्री का संचालन बहरोड़ निवासी सोनू यादव कर रहा था। उसकी तलाश शुरू कर दी है।

आरोपियों से पूछताछ कर जयपुर सहित तीनों जिलों में नेटवर्क भी खंगाला जा रहा है, जिससे मिलावटी दूध बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
