April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अबतक 300 लड़कियों का शिकार… हिन्दू बनकर फंसाते, अश्लील वीडियो बनाते, फिर धर्मांतरण के लिए करते मजबूर, पीड़िता की आपबीती, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का अंदेशा

अबतक 300 लड़कियों का शिकार… हिन्दू बनकर फंसाते, अश्लील वीडियो बनाते, फिर धर्मांतरण के लिए करते मजबूर, पीड़िता की आपबीती, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का अंदेशा

एनसीआई@बस्ती/लखनऊ

उत्तर प्रदेश के बस्ती में हिन्दू बनकर लड़कियों को फंसाने और धर्मांतरण कराने के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी अजफरुल हक उर्फ प्रिंस की गिरफ्तारी के बाद सरकार ने एसपी अभिनंदन का तबादला कर दिया है। अब आईपीएस यशवीर सिंह इस सनसनीखेज केस की कमान संभालेंगे।

अजफरुल हक उर्फ प्रिंस द्वारा हिन्दू बनकर लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने और उनका धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने प्रिंस सहित 8 लोगों के खिलाफ गैंगरेप और धर्मांतरण की गम्भीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मुख्य आरोपी प्रिंस को मुम्बई के बांद्रा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसी बीच, शासन ने जिले के एसपी अभिनंदन का तबादला सहारनपुर कर दिया है और उनकी जगह यशवीर सिंह को बस्ती का नया कप्तान बनाया गया है।

हिन्दू पहचान बताकर फंसाया, फिर किया गैंगरेप

बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता बस्ती शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में काम करती थी। जनवरी 2022 में उसकी मुलाकात अजफरुल हक उर्फ प्रिंस से हुई। खुद को हिन्दू बताने वाले इस युवक ने पहले हमदर्दी दिखाई, फिर बेहतर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। बातों-बातों में मोबाइल नम्बर लिया गया और इसके बाद शुरू हुआ भावनात्मक जाल। पीड़िता के मुताबिक युवक न सिर्फ खुद को हिन्दू बताता था, बल्कि भरोसा दिलाने के लिए हाथ में कलावा भी पहनता था, ताकि किसी तरह का शक न हो। धीरे-धीरे बातचीत प्यार में बदली और फिर एक दिन युवक ने भरोसा जीतकर शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया जाता रहा‌। जब युवती शिकायत लेकर उसके घर पहुंची, तो प्रिंस ने अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया। पीड़िता ने खुलासा किया कि विरोध करने पर उसके परिवार को प्रताड़ित किया जाता था और भाई का अपहरण तक कर लिया जाता था।

300 लड़कियों को शिकार बनाने का दावा

पीड़िता ने पुलिस के सामने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसका दावा है कि हिस्ट्रीशीटर प्रिंस और उसके घरवाले करीब 350 हिन्दू लड़कियों को अपना शिकार बना चुके हैं। ये लोग हिन्दू बनकर लड़कियों को फंसाते थे, उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाते थे और फिर धर्मांतरण के लिए मजबूर करते थे। आरोप है कि इन लड़कियों को देह व्यापार के दलदल में धकेलने और देश-विदेश में बेचने की भी साजिश रची जाती थी। इस काले कारनामे में आरोपी के घरवाले भी बराबर के साझीदार थे।

पीड़िता के इस दावे के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कम्प मच गया है। अगर यह आरोप सही साबित होते हैं तो यह मामला राज्य के सबसे बड़े लव जिहाद और सेक्स ट्रेफिकिंग रैकेट में से एक बन सकता है। पुलिस फिलहाल पीड़िता के बयान, डिजिटल सबूतों और कॉल डिटेल्स के आधार पर नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

एक्शन के बीच एसपी अभिनंदन का तबादला

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन एसपी अभिनंदन ने एफआईआर और गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए थे। आरोपी प्रिंस को बांद्रा से दबोच लिया गया, लेकिन इस बड़ी कार्रवाई के तुरंत बाद शासन ने ‘तबादला एक्सप्रेस’ चलाते हुए एसपी अभिनंदन को हटा दिया। उन्हें अब सहारनपुर की जिम्मेदारी दी गई है। जिले में इस चर्चा का बाजार गर्म है कि धर्मांतरण रैकेट के खुलासे और पुलिस की शुरुआती कार्यप्रणाली को लेकर उपजे विवाद के चलते यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।

नए कप्तान यशवीर सिंह से न्याय की उम्मीद

बस्ती के नए एसपी के रूप में अब आईपीएस यशवीर सिंह मे पदभार संभालेंगे। यशवीर सिंह की छवि एक बेहद सख्त और तेजतर्रार अधिकारी की रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह इस धर्मांतरण और गैंगरेप मामले की गहराई से जांच करवाएंगे और पीड़िता को न्याय दिलाएंगे। फिलहाल पुलिस आरोपी प्रिंस के अन्य साथियों और सोशल मीडिया नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी बेनकाब किया जा सके।

आपत्तिजनक वीडियो बने हथियार

जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह लड़कियों के निजी पलों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लेता था। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए पीड़िताओं को ब्लैकमेल किया जाता।‌वीडियो वायरल करने, परिवार को बदनाम करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियों से लड़कियों को तोड़ दिया जाता था। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि आरोपी और उसका भाई इसी तरीके से करीब 300 लड़कियों को प्रेम जाल में फंसा चुके हैं। इन सभी के वीडियो बनाकर उन्हें अलग-अलग राज्यों और नेपाल जैसे देशों तक देह व्यापार के लिए भेजा गया।

हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि अजफरुल हक उर्फ प्रिंस पहले से ही थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उस पर पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी के काले कारनामों में उसके घरवाले भी पूरी तरह शामिल थे और उन्होंने भी उसे देह व्यापार के दलदल में धकेलने की कोशिश की। पीड़िता का कहना है कि यह कोई अकेली घटना नहीं, बल्कि संगठित अपराध है, जिसमें कई लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क बस्ती तक सीमित नहीं है।

नेपाल और अन्य राज्यों तक फैले तार

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ पीड़िताओं को नेपाल और देश के अन्य राज्यों में भेजा गया। इसके लिए एजेंट, ठिकाने और सम्पर्क सूत्रों का इस्तेमाल किया गया। मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया अकाउंट्स की फोरेंसिक जांच की जा रही है। फिलहाल, गिरफ्तारी के साथ इस काले खेल की परतें खुलनी शुरू हुई हैं। आने वाले दिनों में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, यह साफ होगा कि यह आंकड़ा 300 तक सीमित है या इसके पीछे इससे भी बड़ा और खतरनाक नेटवर्क छिपा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.