एनसीआई@नई दिल्ली/कोलकाता
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक पूर्व सरकारी बस ड्राइवर मीनार मंडल के घर बुधवार देर रात छापा मारा। यहां आज गुरुवार सुबह तक कार्रवाई चली। मीनार मंडल के पास से 28 करोड़ रुपए से ज्यादा के नोट और 15 किलो सोना (छोट-बड़े 24 बिस्कुट) बरामद किया है। सोने की कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी करीब 50 करोड़ रुपए की है। घर में नोटों से भरी बोरियां और सोने का ऐसा खजाना देख पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। मीनार मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
5 मशीनों से गिने नोट
रकम इतनी ज्यादा थी कि उसे हाथों से गिनना संभव नहीं था। इसके बाद पुलिस ने नोट गिनने वाली 5 मशीनें मंगवाईं। नोट इतने ज्यादा थे कि मशीनें भी खराब हो गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद इस काले धन की गिनती की जा सकी। यह धन कुबेर मीनार मंडल पहले सरकारी बस का ड्राइवर हुआ करता था। बाद में यह टीएमसी के एक नेता के सम्पर्क में आया। इसके बाद रेत माफिया बन गया।

5 बड़े बक्सों में सामान ले गई पुलिस
पुलिस को मीनार मंडल के घर से मिले नोट और सोने को ले जाने के लिए लोहे के 5 बड़े बॉक्स मंगवाने पड़े। इनमें भरकर ये रकम और सोना पुलिस अपने साथ ले गई। पूर्व ड्राइवर मीनार मंडल का देवचा गांव स्थित दो मंजिला मकान है। इसी मकान पर पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी। उसके घर से एक-एक किलो वजन की सोने की 14 छड़ें और 100-100 ग्राम के सोने के 10 बिस्कुट बरामद हुए। जब्त सोने की वर्तमान कीमत लगभग 21.5 करोड़ रुपए है।
अधिकारियों ने बताया कि कई थैलों में भरे हुए ये नोट 28 करोड़ रुपए से ज्यादा थे। मीनार मंडल का बीरभूम के पत्थर खनन व्यवसाय में बड़ा कारोबार है। उसे सीएम शुभेंदु ने ‘बालू माफिया’ कहा है।
आरोपी मीनार फरार पत्थर कारोबारी का मैनेजर और साला
मीनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था और बाद में स्टोन कारोबार से जुड़ गया। आरोपी मीनार मंडल फरार पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर और साला है। तुलु मंडल वही शख्स है, जिसने 2024 में अपनी बेटी की शादी में करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए थे।

टुल्लू मंडल को पूर्व टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। अनुब्रत जून में टीएमसी के बागी ऋतब्रत बनर्जी गुट में शामिल हो गया था। बंगाल के मुंख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सराहनीय काम किया है। उन्होंने छापेमारी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
पहले मिले 20 करोड़ रुपए, फिर बढ़कर हुए 28 करोड़
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात मीनार मंडल के घर पर छापेमारी शुरू की थी। यहां पहले 20 करोड़ रुपए मिले। पूरी रात चली गिनती के बाद बरामद रकम बढ़कर 28.5 करोड़ रुपए हो गई। इन रुपयों को लोहे के बक्सों में भरकर मोहम्मद बाजार थाने ले जाया गया, जहां से इसे बैंक में जमा कराया जाएगा।
पुलिस ने घर से 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपए बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद मीनार मंडल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि रुपए और सोना टुल्लू मंडल का है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये करोड़ों रुपए और सोना वास्तव में कहां से आया और इसके पीछे कौन-कौन हैं।
टुल्लू मंडल पर टेक्स वसूली में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप
पुलिस को शक है कि बरामद रुपए पत्थर खदानों से वसूले गए सरकारी राजस्व का हिस्सा है, जिसे सरकारी खजाने में जमा कराने के बजाय हड़प लिया गया। 2016-17 के आसपास टुल्लू मंडल ने बीरभूम की स्टोन क्वारियों में DCR (District Collection Rate) वसूली का काम संभाला था।
आरोप है कि सरकारी टेक्स की वसूली में करोड़ों रुपए की गड़बड़ी हुई। बीजेपी का दावा है कि पहले सरकार के खाते में रोज सिर्फ 20-30 लाख रुपए प्रति माह जमा होते थे। अब 83 करोड़ रुपए प्रति महीने मिलने लगे हैं।
टुल्लू मंडल पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रह चुका है। 2022 में केटल स्मगलिंग केस में सीबीआई ने उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके बाद ईडी ने भी उसे पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया था। हालांकि, इन आरोपों पर अब तक कोई अंतिम न्यायिक फैसला नहीं आया है।
सीएम बोले: जनता की सम्पत्ति लूटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे रेत माफिया और अवैध सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया।
सीएम ने लिखा कि मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर रेत माफिया टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के ठिकाने पर छापा मारा गया। यहां से करोड़ों रुपए नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि जनता की सम्पत्ति लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। माफिया सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
टीएमसी के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे
इतनी बड़ी बरामदगी के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी सियासी घमासान शुरू हो गया है। पार्टी के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोपी से सम्बंध होने के आरोप लगा रहे हैं।
टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने कहा कि जिन लोगों के घर से पैसा मिला है, वे कुछ ऐसे नेताओं के करीबी बताए जा रहे हैं जो खुद को ‘अच्छी टीएमसी’ बताते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़े तो उन नेताओं से भी पूछताछ की जानी चाहिए।
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने अनुब्रत मंडल का नाम लिए बिना कहा- बीरभूम लम्बे समय तक एक पूर्व टीएमसी मंत्री और ‘बीरभूम के टाइगर’ का गढ़ माना जाता था। अब मुख्यमंत्री को जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि आरोपियों के उन प्रभावशाली नेताओं से क्या सम्बंध थे।
वहीं, ऋतब्रत गुट के समर्थक और टीएमसी विधायक प्रसून बनर्जी ने कहा कि इतनी बड़ी बरामदगी के लिए पुलिस की सराहना होनी चाहिए। साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि यह पैसा किसका है और इसमें कौन-कौन शामिल है।
टुल्लू मंडल की बेटी की 100 करोड़ रुपए की शादी फिर चर्चा में
इस कार्रवाई के बाद 2024 में टुल्लू मंडल की बेटी की आलीशान शादी फिर चर्चा में आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस शादी पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। शादी में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान और एक्ट्रेस जरीन खान भी शामिल हुई थीं।
