एनसीआई@बूंदी
स्तनपान के महत्व को बढ़ावा देने व शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान चिकित्सा संस्थानों में शिशुओं के लिए स्तनपान को बढ़ावा देने सम्बंधी जागरुकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर ने बताया कि स्तनपान के संरक्षण, प्रचार एवं समर्थन करने के लिए हर साल अगस्त के पहले सप्ताह को पूरी दुनिया में स्तनपान सप्ताह के तौर पर मनाया जाता है। स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चे किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। इस वर्ष ‘जीवन की सतत एवं स्वस्थ शुरुआत के लिए स्तनपान जो प्रभावी है, उसे और सशक्त बनाएं’ थीम रखी गई है।
डॉ. सामर ने बताया कि स्तनपान सप्ताह में प्रथम 6 माह के लिए केवल स्तनपान और कम से कम 2 वर्ष तक स्तनपान जारी रखने के महत्व पर जागरुकता के लिए इस सप्ताह विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी। स्तनपान सप्ताह जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर, सीएचसी, पीएचसी, सब सेंटर तथा ग्राम स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत संगोष्ठी व अन्य बैठकों के माध्यम से मां के दूध की उपयोगिता के बारे में बताया जाएगा।
