एनसीआई@बूंदी
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को जिले भर में ‘गुरु वंदन’ कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किए गए। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न मंदिरों व आश्रमों में पहुंचकर पदाधिकारियों ने संत-महंतों व गुरुओं का विधि-विधान से सम्मान व अभिनंदन किया। इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, महामंत्री संजय लाठी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर गुरुओं का सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित प्रमुख आश्रमों और मंदिरों में संतों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री मात्रा हनुमान जी मंदिर में रामलखनदास जी महाराज, खटकड़ के धुंधलानाथ आश्रम में सिद्ध योगी श्री श्री 1008 श्री महेशनाथ जी योगी, बूंदी शहर में श्री श्री 108 श्रवणदास जी महाराज, नैनवां क्षेत्र में खेमजी महाराज मंदिर में श्री श्री 1008 श्री परम पूज्य स्वामी सच्चिदानंद महाराज, दुगारी में महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज, तथा रामेश्वर में श्री खाक चौक विरक्त आश्रम में रामेश्वरम पीठाधीश्वर बालयोगी श्री श्री 108 श्री महंत श्री बालकदास जी महाराज को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी संत-महंतों को पूर्ण श्रद्धाभाव के साथ शॉल व दुपट्टा ओढ़ाकर तथा श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। सम्मान स्वरूप गुरुओं को एक बैग, सूखे मेवे, मिठाई और 2100 रुपए गुरु दक्षिणा के रूप में सौंपे गए।
