एनसीआई@बूंदी
पीएमश्री विद्यालय के खेल मैदान में गुरुवार को 70वीं राज्य स्तरीय राजकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक 19 वर्षीय (छात्र) हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ हुआ। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने ध्वजारोहण कर इसका शुभारम्भ किया।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाने के लिए प्रदेश के 41 जिलों की 38 टीमें पहुंची हैं। उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि मैदान में खेल को हमेशा खेल की भावना से ही खेलना चाहिए। जो टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी, जीत का ताज उसी के सिर सजेगा। उन्होंने कहा कि एक अच्छा खिलाड़ी हमेशा एक अच्छा विद्यार्थी भी होता है। केन्द्र व राज्य सरकारें अनेकों खेल कार्यक्रमों के माध्यम से छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। सरकार होनहार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्पबद्ध है।

मेजर ध्यानचंद को याद कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और सभी को खेल भावना की शपथ भी दिलाई। समारोह में नगर परिषद के सभापति भरत शर्मा ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने कहा कि खेलों का मानव जीवन में विशेष महत्व है। सरकार विभिन्न योजनाओं के जरिए युवाओं को प्रोत्साहित कर रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष कुंजबिहारी बील्या और कालूलाल जांगिड़ ने भी खिलाड़ियों को एकता और अनुशासन के साथ खेलने का मंत्र दिया।

समारोह में वर्ष 2026 की खेल स्मारिका का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर विकास नगर स्कूल की बालिकाओं ने वंदे मातरम का गान करने के साथ शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी। वहीं, प्रारम्भ में महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत नृत्य कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर शिक्षा विभाग कोटा संभाग की संयुक्त निदेशक आशा मंडावत, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अर्चना तंवर, नुपुर मालव, संयुक्त संचालन सचिव एवं प्रधानाचार्य रवीन्द्र दाधीच आदि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन लोकेश वशिष्ठ एवं कुसुमलता सिंह ने किया।
