एनसीआई@कोटा
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में आज कोटा स्थित विभिन्न संस्थानों में Food Safety and Drug Control Commissionerate, Jaipur, जिला कलेक्टर कोटा एवं सीएमएचओ कोटा के तत्वावधान में खाद्य सुरक्षा एवं जनजागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता सम्बंधी उपायों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सुबह मोबाइल फ़ूड टेस्टिंग लैब द्वारा सीवी गार्डन (छात्र विलास उद्यान ), गांधी उधान, चम्बल गार्डन में मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले नागरिकों को खाद्य सुरक्षा से सम्बंधित पोस्टर, पेम्प्लेट्स वितरित कर जागरूक किया गया। इन प्रचार-प्रसार सामग्रियों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के चयन, मिलावट की पहचान तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर कोटा शहर में विभिन्न स्थानों पर ‘चुनौतियों से समाधान की ओर’ विषय पर संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। इसमें खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम एवं गुड फूड व बेड फूड के बारे में बताया गया। मोटा अनाज के महत्व को भी समझाया गया।खाद्य पदार्थों से स्वस्थ जीवन शैली किस प्रकार शुरू की जा सकती है, इस विषय पर वार्ता हुई।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौजूद लोगों को खाद्य मिलावट से होने वाले दुष्प्रभावों, सुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहचान तथा खाद्य सुरक्षा से सम्बंधित नियमों के बारे में जानकारी प्रदान की। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की खाद्य अनियमितता की सूचना विभाग को दें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों व स्थानीय लोगों ने भाग लिया। लोगों ने खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था- ‘खाद्य सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।’ कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण सक्सेना व मोजी लाल कुंभकार भी शामिल रहे।
