बंगाल में बड़ा सियासी बदलाव: टीएमसी में शामिल हुए पूर्व बीजेपी नेता बाबुल सुप्रियो
टीएमसी नेता का दावा सम्पर्क में हैं और बीजेपी नेता,
इसी साल जुलाई में बाबुल ने छोड़ी थी बीजेपी, सांसद पद से भी देंगे इस्तीफा
एनसीआई@नई दिल्ली/कोलकाता
पश्चिम बंगाल में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। मोदी सरकार में केबिनेट मंत्री रहे सांसद बाबुल सुप्रियो ने टीएमसी ज्वॉइन कर ली है। उन्होंने कुछ दिन पहले ही बीजेपी से इस्तीफा दिया था। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन की मौजूदी में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। टीएमसी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि वह आसनसोल से सांसद पद भी छोड़ेंगे। वह सोमवार को सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे।
बाबुल सुप्रियो के पार्टी में शामिल होने पर टीएमसी की तरफ से बयान जारी कर बताया गया है कि, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन की मौजूदगी में पूर्व केन्द्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद बाबुल सुप्रियो टीएमसी में शामिल हो गए हैं। हम इस मौके पर हम उनका पार्टी में स्वागत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि आज बाबुल सुप्रियो की सुरक्षा केटेगरी में बदलाव भी किया गया था। बाबुल सुप्रियो की सुरक्षा अब Z के बजाय Y केटेगरी की कर दी गई है। केन्द्र सरकार की तरफ से बाबुल सुप्रियो को सुरक्षा दी गई है। सुप्रियो को CRPF की सुरक्षा मिली हुई है।
टीएमसी नेता का दावा सम्पर्क में हैं और बीजेपी नेता
बाबुल सुप्रियो के टीएमसी में शामिल होने के बाद पार्टी नेता कुणाल घोष का कहना है कि बीजेपी के कई नेता टीएमसी नेतृत्व के सम्पर्क में हैं। वे लोग बीजेपी से संतुष्ट नहीं हैं। एक (बाबुल सुप्रियो) ने तो आज टीएमसी ज्वाइन कर ही ली, अन्य नेता भी टीएमसी में आना चाहते हैं। यह प्रक्रिया चलती रहेगी। इंतजार करिए और देखते रहिए।
जुलाई में राजनीति से सन्यास की घोषणा की थी
उल्लेखनीय है कि बीते जुलाई में पूर्व केन्द्रीय मंत्री और बंगाल में बीजेपी के बड़े नेताओं में शुमार रहे बाबुल सुप्रियो ने राजनीति को अलविदा कह दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिख कहा था कि वे राजनीति में सिर्फ समाज सेवा के लिए आए थे। अब उन्होंने अपनी राह बदलने का फैसला लिया है।
पहले कहा किसी पार्टी में शामिल नहीं होगे, फिर बदल दी थी लाइन
जुलाई में जब उन्होंने राजनीति से सन्यास का ऐलान किया था तो उन्होंने था कि लोगों की सेवा करने के लिए राजनीति में रहने की जरूरत नहीं है। वे राजनीति से अलग होकर भी अपने उस उदेश्य को पूरा कर सकते हैं। उनकी तरफ से पोस्ट में पहले इस बात पर भी जोर दिया गया कि वे हमेशा से बीजेपी का ही हिस्सा रहे हैं और रहेंगे। उन्होंने यहां तक कहा था कि वे टीएमसी या कोई दूसरी पार्टी में शामिल नहीं होंगे, लेकिन अब उनकी तरफ से अपनी पोस्ट को अपडेट किया गया है और उन्होंने इस लाइन को हटा दिया गया है।
