पटवारी परीक्षा: जयपुर सहित 7 जिलों में 2 दिन बंद रहेगा इंटरनेट, देर रात लिया फैसला
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में शनिवार से पटवारी भर्ती परीक्षा शुरू होने से पहले जयपुर सहित राज्य के 7 जिलों में सरकार ने शनिवार को नेटबंदी लगा दी है। इस निर्णय के तहत जयपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, दौसा, सवाईमाधोपुर और भरतपुर में शनिवार और रविवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। इस दौरान लीज लाइन को छोड़कर सभी प्रकार की इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
नेटबंदी के आदेश में कहा गया है कि दोनों दिन सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक 2जी, 3जी और 4जी डाटा, इंटरनेट सर्विस, बल्क एसएमएस, वॉट्सएप, फेसबुक, ट्विटर सहित सभी सोशल मीडिया माध्यम बंद रहेंगे। इस दौरान लेंडलाइन, लीज लाइन और ब्रॉडबेंड से वॉइस कॉल हो सकेगी। अस्पताल, इंडस्ट्री और बैंक एरिया में छूट रहेगी। इस दौरान अगर कोई प्रतिबंधित एरिया में मोबाइल डाटा का उपयोग करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।
REET में भी हुई थी नेटबंदी
पटवारी भर्ती परीक्षा से पहले नकल रोकने के लिए REET के दौरान भी प्रदेशभर में नेटबंदी लागू की गई थी, लेकिन नकल गैंग ने बिना किसी डाटा का उपयोग किए चप्पल में ही मोबाइल फिट कर दिया था। जिसमें वॉइस कॉल के माध्यम से नकल करवाने का प्लान बना था। ऐसे नकलची ब्लूटूथ का उपयोग करते हैं। वहीं इस बार ऐसे नकलचियों को पकड़ने के लिए मेटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की जांच की जा रही है।
