आरएसएस इतना खतरनाक क्यों? कांग्रेस का प्रवक्ता बनने के लिए हुई परीक्षा में ऐसे सवाल
एनसीआई@लखनऊ/सेन्ट्रल डेस्क
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का प्रवक्ता बनने के लिए बाकायदा परीक्षा हुई है। कहा जा रहा है किकांग्रेस ने प्रवक्ताओं के लिए होने वाली परीक्षा को पूरी तरह से प्रोफेशनल कर दिया है, लेकिन इसमें पूछे गए सवालों ने परीक्षार्थी नेताओं का दिमाग चकरा कर रख दिया है। कांग्रेस का प्रवक्ता बनाने वाले 45 मिनट के इस पेपर में कई सवाल हैं। इनमें ‘RSS संगठन खतरनाक क्यों है’ ?, ‘2009 में कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती हैं’? जैसे सवाल शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रवक्ता बनने के लिए हुई इस लिखित परीक्षा के पेपर में 20 ऑब्जेक्टिव और 2 विश्लेषणात्मक प्रश्न आए। सवालों का पैटर्न प्रवक्ता बनने के इच्छुक लोगों को यूपीएससी एग्जाम से कम नहीं लगा।

कांग्रेस पूछ रही ऐसे सवाल
– उत्तर प्रदेश में कितने ब्लॉक और क्षेत्र हैं?
– लोकसभा चुनाव में यूपी में कितनी सीटें आरक्षित हैं?
– यूपी विधानसभा में कितनी सीट हैं?
– क्यों योगी सरकार विफल मानी जा रही है?
– मनमोहन सरकार क्यों अच्छी थी और उसकी क्या-क्या उपलब्धियां रही हैं?
– RSS संगठन खतरनाक क्यों है?
– यूपी में कितनी लोकसभा और विधानसभा सीटें हैं 2004 और 2009 में कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती हैं?
कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी के मुताबिक पूरे प्रदेश में प्रवक्ताओं के इंटरव्यू किए जा रहे हैं। इसके लिए एक रिटर्न टेस्ट लिया जा रहा है। उम्मीदवार से एक फॉर्म भरवाया जाता है। इसमें नाम, जन्मतिथि, शिक्षा, मोबाइल नम्बर, ईमेल आईडी जैसी बुनियादी जानकारी देनी होती है। सोशल मीडिया की भी जानकारी मांगी गई है, जैसे कितने फॉलोवर्स हैं, यूट्यूब चैनल का नाम क्या है, फेसबुक पेज का नाम क्या है।
75 जिलों के 2850 लोग अब तक इस परीक्षा को दे चुके हैं। 36 बड़े जिलों में 1750 का इंटरव्यू चल रहा है। इसके परिणाम दिसम्बर के आखिरी हफ्ते में जारी किए जाएंगे। लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और लखीमपुर में यह परीक्षा हो चुकी है।
