14 साल की लड़की ने अपने रेपिस्ट को मार डाला, पूर्व सरपंच का बेटा डेढ़ महीने से कर रहा था रेप
एनसीआई@भिवाड़ी(अलवर)
सड़क किनारे मिली पूर्व सरपंच के बेटे की लाश के मामले में पुलिस ने साफ कर दिया है कि उसकी मौत सामान्य नहीं थी, अपितु उसकी हत्या की गई थी। सोमवार रात पुलिस ने दावा किया कि गांव की ही 14 साल की लड़की ने उसकी हत्या की है। पूर्व सरपंच का यह बेटा लड़की को काफी समय से ब्लैकमेल करके रेप करता आ रहा था। इसके साथ ही वह उस पर अपने साथियों से रिलेशन बनाने का दबाव भी डाल रहा था। यही बात लड़की से बर्दाश्त नहीं हुई और उसने सरपंच के बेटे को खेत में बुलाकर मार डाला। वारदात के समय युवक शराब के नशे में था। यह मामला अलवर के कोटकासिम इलाके का है।
यह है मामला
भिवाड़ी एएसपी अतुल साहू ने बताया कि 17 मई की रात पूर्व सरपंच धनीराम यादव के बेटे विक्रम यादव (45) की हत्या कर दी गई थी। अगले दिन 18 मई को उसका शव गांव के पास सड़क पर मिला था। परिजन इसे सामान्य मौत मानकर शव घर ले गए। उन्हें लगा कि उसकी मौत गिरने से हुई है। मगर अंतिम संस्कार के समय विक्रम के गले पर निशान दिखा। खून के धब्बे भी मिले। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच में गांव की ही 10वीं में पढ़ने वाली लड़की की भूमिका संदिग्ध मिली। लड़की की मां नहीं है। उसका भाई प्राइवेट जॉब करता है। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो सारा मामला सामने आ गया।
ऐसे बने सम्बन्ध
एएसपी साहू ने बताया कि नाबालिग लड़की विक्रम यादव के घर पानी भरने जाया करती थी। डेढ़ महीने पहले उसने अपने प्रेमी से बात करने के लिए विक्रम का फोन मांगा। दोनों के बीच की बात विक्रम के फोन में रिकॉर्ड हो गई। पिछले एक साल से लड़की का अफेयर गांव के ही एक युवक से चल रहा था। उस रिकॉर्डिंग के आधार पर विक्रम उसे ब्लैकमेल करने लगा और रेप किया। विक्रम नाबालिग के साथ अपने दोस्तों का भी रिलेशन बनवाना चाहता था। इसी बात को लेकर लड़की ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। उधर, विक्रम से पहले ही गांव के 2 अन्य युवक उस लड़की से रेप कर रहे थे। करीब 6 महीने पहले इन युवकों को भी उसके अफेयर के बारे में पता चल गया था। इसी बात को लेकर दोनों युवक भी लड़की को ब्लैकमेल कर लगातार दुष्कर्म कर रहे थे।
यह रहा घटनाक्रम
एएसपी ने बताया कि 17 मई की शाम को लड़की विक्रम के घर गई। उसने पानी भरने का बहाना बनाया था। आरोप है कि लड़की ने विक्रम को इशारा कर घर के पास वाले खेत में रात साढ़े नौ बजे बुलाया। विक्रम शराब के नशे में वहां पहुंचा। इसी का फायदा उठा कर लड़की ने चुन्नी से उसका गला घोंट कर मार दिया और सड़क पर शव फेंक दिया। कोटकासिम थाना अधिकारी महावीर सिंह शेखावत ने बताया कि मामला सामने आने के बाद नाबालिग को डिटेन कर अलवर के नारी निकेतन में भेज दिया गया है। नाबालिग ने सोमवार को विक्रम सिंह सहित तीन लोगों के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को मौके पर पैरों के निशान मिले हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
मोबाइल मिला
मौके पर ही पुलिस को विक्रम का मोबाइल भी मिला है। साथ ही जांच में नाबालिग की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को मिल गई है। तलाशी में मौके पर एक जगह जली हुई चुन्नी का टुकड़ा मिला। उसे जब्त कर जांच की गई तो उस पर खून के निशान भी मिले। इसके बाद नाबालिग से पूछताछ की गई तो पूरी कहानी सामने आई। विक्रम यादव के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा प्रणेश (21) राजस्थान यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर चुका है। छोटा बेटा रोहित (20) दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीएससी फाइनल ईयर का स्टूडेंट है।
काफी पेचीदा था मामला
भिवाड़ी एएसपी अतुल साहू ने कहा- यह पूरा मामला बेहद पेचीदा था। घटनास्थल से हमें ज्यादा सबूत नहीं मिले थे। कई लोगों से पूछताछ और तकनीकी सहायता के जरिए हम नाबालिग तक पहुंचे। पूछताछ की तो यह सारा खुलासा हुआ। मामले में नाबालिग ने कोटकासिम थाने में सोमवार को रेप का मामला दर्ज करवाया है। इसमें नाम किसका-किसका है, इसकी जानकारी अभी नहीं दे सकते। उनकी गिरफ्तारी होने के बाद जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
