April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बाड़ेबंदी में मौजूद मंत्री को मिली लॉरेंस गैंग की धमकी, बेटे-बेटी की फोटो भेज 70 लाख रुपए फिरौती मांगी, पूरे परिवार को मार देने की चेतावनी

बाड़ेबंदी में मौजूद मंत्री को मिली लॉरेंस गैंग की धमकी, बेटे-बेटी की फोटो भेज 70 लाख रुपए फिरौती मांगी,  पूरे परिवार को मार देने की चेतावनी

एनसीआई@जयपुर/बीकानेर

राज्यसभा चुनाव के लिए हुई बाड़ेबंदी में उदयपुर की होटल में मौजूद राज्य के आपदा राहत मंत्री गोविंदराम मेघवाल से 70 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग के संगठन स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) का मेम्बर बताया है। रुपए नहीं देने पर उनके प्रधान बेटे सहित पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। यह धमकी वॉट्सएप पर मलेशिया के आईएसडी कोड से आई है। पुलिस की साइबर टीम इसकी जांच में जुट गई है।

मंत्री गोविंद राम मेघवाल के पुत्र और पुत्री

बीकानेर एसपी योगेश यादव के अनुसार मंगलवार शाम केबिनेट मंत्री के पास यह कॉल आया था। इसमें 70 लाख रुपए नहीं देने पर परिवार को मार देने की धमकी दी गई। इसके बाद से पुलिस की साइबर टीम एक्टिव है। उधर,आईजी ओम प्रकाश खुद इस मामले की पड़ताल कर रहे हैं। इस मामले में बीकानेर के अलावा श्रीगंगानगर पुलिस को भी सक्रिय किया गया है।

मंत्री गोविंदराम मेघवाल के बेटे पूगल पंचायत समिति के प्रधान गौरव मेघवाल व पुत्री जिला परिषद सदस्य सरिता मेघवाल हैं। आरोपी ने इन दोनों की फोटो भेज यह धमकी दी है।

आरोपी ने मंत्री से वॉट्सएप पर चैट की है। इसमें परिवार के सदस्यों के फोटो भेजते हुए बताया गया है कि उनके (मंत्री के) साथ सुरक्षाकर्मी रहते हैं, परिवार के साथ नहीं। इसी चैट को जांच का आधार बनाकर पुलिस की साइबर टीम काम कर रही है।

पूरा परिवार राजनीति में

केबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल का पूरा परिवार राजनीति में है। उनके पुत्र पूगल पंचायत समिति में प्रधान हैं, जबकि बेटी सरिता मेघवाल और पत्नी आशा देवी भी जिला परिषद सदस्य हैं।

हरियाणा के विधायक को धमकी देने वाला पकड़ा

इधर, हरियाणा के हिसार में आदमपुर सीट से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई को मूसेवाला जैसा हाल करने की धमकी मिली थी। धमकी देने वाला युवक बाड़मेर के गुड़ामालानी का रहने वाला निकला। बुधवार को हरियाणा पुलिस बाड़मेर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से युवक को पकड़‌ लिया। गुड़ामालानी के रहने वाले कंवरराम पुत्र गोकलाराम ने विधायक को तीन अलग-अलग मैसेज भेजकर चेतावनी दी थी।

मैसेज में लिखा था कि सुधर जाओ, नहीं तो तुम्हारा हाल भी सिद्धू मूसेवाला जैसा होगा। इस पर एमएलए के पीए ने आदमपुर में मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फोन नम्बर के आधार पर धमकी देने वाले व्यक्ति की तलाश की। नम्बर ट्रेस करने पर वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी का निकला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.