एनसीआई@जयपुर/दौसा
दौसा जिला अस्पताल में नियुक्त 40 वर्षीय डॉ. हिमांशु शर्मा की आज शुक्रवार को जयपुर में हार्ट अटेक से मौत हो गई। डॉ. शर्मा की अपने जयपुर स्थित घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इस पर उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया। जहां चेकअप के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में उनकी मौत का कारण हार्ट अटेक माना जा रहा है।
डॉ. हिमांशु शर्मा अपने जयपुर स्थित घर पर थे। यहां सुबह करीब दस बजे उनके सीने में दर्द होने पर वह पत्नी के साथ चेकअप करवाने मालवीय नगर स्थित राजस्थान हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उनकी तबीयत और बिगड़ गई और कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
दो दिन पहले भी हुआ था सीने में दर्द
जानकारी के अनुसार, डॉ. हिमांशु को 2 दिन पहले दौसा में भी सीने में दर्द हुआ था। उन्होंने इसे मामूली दर्द समझकर टेबलेट ले ली थी। साथ ही एहतियात के तौर पर वे छुट्टी लेकर जयपुर चले गए थे। उनकी पत्नी यहां जयपुरिया गवर्नमेंट हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं। इस दम्पति के 2 बेटियां हैं।
2023 से दौसा जिला हॉस्पिटल में थे पोस्टेड
दौसा अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने बताया कि सुबह 11 बजे करीब डॉ. हिमांशु शर्मा के असामयिक निधन की सूचना मिली थी। वह 2023 से दौसा जिला अस्पताल में पोस्टेड थे। वे हंसमुख स्वभाव के थे।
हिमांशु शर्मा के मिलनसार स्वभाव के कारण मरीजों और हॉस्पिटल स्टाफ से घनिष्ठ सम्बंध थे। प्रारम्भिक तौर पर हार्ट अटेक के कारण उनकी मौत होने की आशंका है। हालांकि फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
खतरे से ऐसे बचें
यहां गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कम उम्र के पुरुषों के हार्ट अटेक से मौत होने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसके प्रमुख कारण अनियमित दिनचर्या होने से खानपान बिगड़ जाना, ठीक से नींद नहीं निकलना, बिलकुल भी शारीरिक श्रम नहीं करना या अधिक एक्सरसाइज करना, जंक फूड, शराब का अधिक उपयोग आदि माने जा रहा हैं। स्पष्ट है कि हर किसी को संतुलित जीवनचर्या और संतुलित, शुद्ध खानपान को अपना कर इस खतरे से बचना चाहिए।
