इस आदर्श शादी की चर्चा रहेगी बरसों, सैनिक दूल्हे और उसके परिवार ने पेश की मिसाल
एनसीआई@नागौर
रियांबड़ी तहसील के ग्राम बनवाड़ा में पिछले दिनों हुई एक आदर्श शादी क्षेत्र में अब तक चर्चा का विषय बनी हुई है। यह मामला है बीते शुक्रवार को गांव में समाजसेवी घनश्याम सिंह की भतीजी की शादी का।

इसमें दूल्हा हेलिकॉप्टर लेकर आया और बिना दहेज दुल्हन को लेकर गया। खास बात यह भी है कि दुल्हन के पिता नहीं हैं। जब वे जीवित थे तो उनकी इच्छा थी कि बेटी की विदाई हेलिकॉप्टर से हो। दूल्हे को जब यह बात पता चली तो उसने अपने दिवंगत ससुर की इच्छा पूरी करने के लिए ही एक हेलिकॉप्टर बुक कराया और बारात लेकर बनवाड़ा गांव आया।
पांच लाख रुपए की थी पेशकश
वर पक्ष ने शादी में दहेज की जगह केवल एक रुपया व नारियल नेग के रूप में लिया। हालांकि, टीके में वधु पक्ष की ओर से पांच लाख रुपए दहेज के रूप में पेश किए थे, लेकिन, दूल्हे के परिजनों ने इन्हें लेने से इंकार कर दिया। दूल्हे के पिता नंदसिंह राजावत ने बताया कि वर्तमान समय में दहेज सबसे बड़ी बुराई है। सभी लोगों को आगे आकर इस प्रथा को खत्म करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

यह है दूल्हे का परिचय
अलवर के माधोगढ़ से आई इस बारात की अब पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। लोग दूल्हे रॉबिन सिंह राजावत व उनके परिजनों की सराहना कर रहे हैं। दूल्हा रॉबिन सिंह भारतीय सेना में कार्यरत है। इधर, गांव में हेलिकॉप्टर आने पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी और ग्रामीणों ने हेलिकॉप्टर के साथ सेल्फी ली।
