April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

टीचर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, परिवार डर के कारण घर में कैद, बेटी ने दरवाजा बंद कर बचाई जान

टीचर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, परिवार डर के कारण घर में कैद, बेटी ने दरवाजा बंद कर बचाई जान

एनसीआई@धौलपुर

बाड़ी कोतवाली थाना इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो नकाबपोश बदमाशों ने एक सरकारी टीचर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले के दौरान घर में महिलाएं और बच्चे ही थे। टीचर की बेटी ने नकाबपोश बदमाशों को बंदूक लेकर आता देख तुरंत घर का दरवाजा बंद कर सबकी जान बचाई। फायरिंग की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि कांसौटी खेड़ा रोड स्थित बाई का बाग निवासी सरकारी टीचर मुन्नालाल (51) ने इस सम्बन्ध में रिपोर्ट दी है। इसके अनुसार सुनीपुर गांव निवासी बंटू उर्फ सतीश पुत्र रामनरेश मीणा व लवकुश पुत्र ओम प्रकाश मीणा के साथ बोलेरो गाड़ी से आए कुछ लोगों ने उनके घर पर 30 जनवरी की रात को फायरिंग की। इस दौरान वह घर पर नहीं थे। उनकी पत्नी, तीन बेटियां, साले की पत्नी और बच्चे ही वहां थे।

2 बदमाशों ने किए 4 राउंड फायर

थानाधिकारी ने बताया कि फायरिंग की यह घटना टीचर के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में 2 नकाबपोश बदमाश घर पर 4 राउंड फायर करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान टीचर की बेटी ने तुरंत अंदर से गेट बंद कर लिया था।

पीड़ित मुन्नालाल मीणा ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई ओमकार मीणा (47) दोनों सरकारी शिक्षक हैं। वे सदर थाना क्षेत्र के गडरपुरा गांव के मूल निवासी हैं। छोटा भाई गांव में ही परिवार के साथ रहता है। गांव के पास करीब एक बीघा चारागाह जमीन है, जिसके पास से हाईवे निकल रहा है। इस जमीन पर आरोपियों की नजर है। आरोपी चाहते हैं ये जमीन उनके कब्जे में आ जाए। फायरिंग से घर में मौजूद महिलाएं व बच्चे बहुत डरे हुए हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें जान का खतरा है।

दो साल में कई बार हमले, नहीं हुई ठोस कार्रवाई

पीड़ित शिक्षक मुन्ना लाल ने बताया कि 2 साल में उन पर कई बार हमले हुए हैं। पीड़ित ने 4 जुलाई 2022 को सदर थाने में मामला दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस ने किसी भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि वह, उसका छोटा भाई और परिवार के लोग पिछले साल 22 दिसंबर को एसपी से भी गुहार लगाई थी, लेकिन फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

फायरिंग की घटना मामूली धाराओं में दर्ज

मुन्ना लाल ने आरोप लगाया कि 30 जनवरी की रात को हुई फायरिंग के सीसीटीवी फुटेज उन्होंने पुलिस को सौंपे और आरोपियों से जान-माल के नुकसान की आशंका जताई। इसके बावजूद भी कोतवाली पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि उनके घर पर सीधे फायरिंग हुई है।

वहीं, जांच अधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने उनके घर आकर पूरी जानकारी ली, लेकिन अभी तक आरोपी बंटू उर्फ सतीश पुत्र रामनरेश मीणा और लवकुश पुत्र ओमप्रकाश मीणा के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया।

फायरिंग की आवाज सुन घबराई महिलाएं

मुन्ना लाल की बेटी पूजा (22) ने बताया कि उसने कोई आवाज सुनी तो बाहर जाकर देखा। इस दौरान 2 बंदूकधारी नकाबपोश आते दिखे। इस पर उसने अंदर आकर दरवाजा बंद कर लिया। तभी आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी तो वह अंदर से दरवाजे को पकड़े खड़ी रही, ताकि कोई दरवाजा नहीं खोल सके। फायरिंग होने पर वह चिल्लाई तो पूरा परिवार दौड़कर कमरे से बाहर आया। फायरिंग की आवाज सुनकर वह काफी डर गए।

हमले के डर से कॉलेज नहीं जा रही बेटी

फायरिंग के बाद परिवार काफी डरा हुआ है। टीचर मुन्नालाल गढ़ी सुक्का स्कूल में वरिष्ठ अध्यापक है। वह पहले बाइक पर स्कूल जाते थे, लेकिन अब कार से जा रहे हैं। वहीं उनकी बेटियां भी फायरिंग के बाद घर से बाहर नहीं निकली हैं। मुन्ना लाल की बड़ी बेटी प्रियंका (25) ने नर्सिंग कर रखी है। दूसरी बेटी पूजा (22) ने वेटरनरी कंपाउंडर की ट्रेनिंग की हुई है और परीक्षा की तैयारी कर रही है। तीसरी बेटी आरती (18) बीएससी फाइनल इयर की स्टूडेंट है और वह कॉलेज नहीं जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.