जिम से बाहर निकलते ही व्यवसायी पर लाठियों से हमला, फिर मारी गोलियां
एनसीआई@भरतपुर
शहर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार सुबह 8 बजे यहां की भूरी सिंह व्यायाम शाला के पास स्थित वेलनेस हेल्थ क्लब जिम के बाहर काली स्कॉर्पियो में आए 5-6 बदमाशों ने एक व्यवसायी गजेन्द्र सिंह उर्फ लाला पहलवान को पार्किंग में घेर कर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद एक बदमाश ने पिस्टल से उसके हाथ और पैर में गोलियां मार दीं।

गोलियों की आवाज सुनकर जिम से निकले लोगों व अन्य व्यक्तियों ने गजेन्द्र सिंह को सम्भाला। वहीं फायरिंग कर आरोपी फरार हो चुके थे। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। घायल व्यवसायी को पहले राज ट्रॉमा सेंटर लेकर जाया गया। वहां से उसे राज बहादुर मेमोरियल (आरबीएम) अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका यहां इलाज जारी है। इस हमले में गजेन्द्र सिंह गम्भीर रूप से घायल हुआ है।
गजेन्द्र सिंह सुबह 6 बजे जिम गया था। जिम से 2 घंटे बाद 8 बजे निकला तो काली स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाश पेशेवर अपराधी नजर आ रहे थे। उन्होंने गजेन्द्र सिंह पर लाठियों से हमला करने के बाद करीब चार फीट की दूरी से गोलियां चलाईं।

कौन है गजेन्द्र सिंह उर्फ लाला पहलवान
गजेन्द्र सिंह भरतपुर जिले के ही अनाहे गांव का रहने वाला है। वह रोज सुबह 6 बजे के करीब वेलनेस क्लब जिम आता है। गुरुवार को वह जिन से निकलकर उसकी पार्किंग में खड़ी कार में जाकर बैठा ही था कि उसे तीन बदमाशों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया।
गजेन्द्र सिंह का भाई समंदर सिंह नगर निगम का पार्षद है। उसने बताया कि गजेन्द्र का किसी से झगड़ा नहीं है। वह शादीशुदा है, उसका एक बेटा और बेटी है। उसकी प्राइवेट बसें चलती हैं। वह जिम आने के अलावा घर से बाहर कम ही निकलता है। इस वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस बदमाशों की पहचान करने में लगी हुई है।
