कोर्ट रूम में बेटे के एनकाउंटर का पता चलते ही रोने लगा अतीक, सिर पकड़कर बैठ गया, अतीक और अशरफ को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
एनसीआई@प्रयागराज
उमेश पाल मर्डर केस में आरोपी माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद सीजेएम कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों नैनी जेल में बंद रहेंगे। कोर्ट से बाहर निकलते ही वकीलों ने अतीक पर जूता फेंककर मारा।

उधर, पेशी के दौरान जब अतीक को उसके बेटे असद के एनकाउंटर की खबर मिली तो वह कोर्ट में ही फूट-फूटकर रोने लगा। अतीक वहीं जमीन पर बैठ गया। कुछ देर बाद उसने पीने के लिए पानी मांगा। वहीं कोर्ट परिसर में ‘अतीक अहमद मुर्दाबाद, उमेश पाल अमर रहें’ के नारे लगे। साथ ही, योगी-मोदी जिंदाबाद के भी नारे लगाए गए।
Related News:-
गैंगस्टर अतीक के बेटे असद और शूटर गुलाम का भी एनकाउंटर, उमेश पाल मर्डर के 49 दिन बाद यूपी एसटीएफ को मिली कामयाबी
वकीलों के गुस्से को देखते हुए अतीक और अशरफ को RAF की सुरक्षा के बीच सुरक्षित निकाला गया। पुलिस दोनों को एक ही प्रिजन वैन में बैठाकर नैनी सेंट्रल जेल ले गई। कोर्ट परिसर में अतीक और अशरफ को देख वकील नारेबाजी करने लगे। लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा था।
वकीलों और मीडियाकर्मियों में भी हुई थी झड़प
पेशी से पहले भी वकीलों ने कोर्ट परिसर में अतीक अहमद के खिलाफ नारेबाजी की थी। वीडियो बना रहे कुछ लोगों के पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिए। कोर्ट केम्पस में वकीलों की कुछ मीडिया कर्मियों से भी झड़प हुई। हालांकि पुलिस ने परिसर के अंदर से मीडिया कर्मियों को बाहर करके मामला शांत करा दिया। अशरफ और अतीक को एक ही गाड़ी से कोर्ट लाया गया। कोर्ट परिसर में 1000 जवान तैनात रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में 24 फरवरी को उमेश पाल की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली-बम मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उमेश की पत्नी जया पाल ने अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन सहित 9 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया था। वहीं पुलिस ने विवेचना के दौरान हत्या की साजिश रचने में कई और लोगों के नाम जोड़े हैं।
