April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

संसद में राहुल गांधी मोदी सरकार पर बरसे-आपने मणिपुर में की भारत माता की हत्या, आप देशद्रोही हो

संसद में राहुल गांधी मोदी सरकार पर बरसे-आपने मणिपुर में की भारत माता की हत्या, आप देशद्रोही हो

एनसीआई@नई दिल्ली

सांसदी बहाल होने के बाद आज राहुल गांधी ने लोकसभा में अपना पहला भाषण दिया, जिसका बेसब्री से इंतजार हो रहा था। उन्होंने अपना भाषण अपनी भारत जोड़ो यात्रा के अनुभवों से शुरू किया। इसके बाद उन्होंने मणिपुर के हालात बयान करते हुए पीएम मोदी को निशाने पर लिया।

राहुल ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। आपने मणिपुर में भारत माता की हत्या की है, आप देशद्रोही हो। आप भारत माता के रखवाले नहीं, हत्यारे हो। आपने मणिपुर में मेरी मां की हत्या की। आप पूरे देश में भारत माता की हत्या कर रहे हो।

Related News:-
संसद में राहुल गांधी ने किया फ्लाइंग किस, महिला सांसदों ने की शिकायत, स्मृति ईरानी बोलीं- देश देख रहा है

राहुल बोले, आज घबराने की जरूरत नहीं

भाषण की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी बोले-आज घबराने की जरूरत नहीं, मैं अडानी पर नहीं बोलने जा रहा हूं। आज मेरा भाषण दूसरी दिशा में जा रहा है, आज एक-एक कर गोले मारूंगा। जो शब्द दिल से निकलते हैं वो दिल तक जाते हैं। आज मैं दिमाग से नहीं दिल से बोलूंगा। मैंने 10 साल तक रोज गालियां खाई हैं। मैं मोदी जी की जेल में जाने को तैयार हूं।

भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र

जो मेरे दिल में बोलने का डिजायर था, वह बंद हो गया और एक सन्नाटा सा छा गया। भीड़ की आवाज थी, भारत जोड़ो, भारत जोड़ो, भारत जोड़ो। जो मेरे से बात करता, उसकी आवाज मैं सुनता गया। हर रोज सुबह छह बजे से रात सात, आठ बजे तक सबकी आवाज सुनता गया। ये चलता गया, मैं बात सुनता गया। और फिर मेरे पास एक किसान आया और किसान ने हाथ में रुई पकड़ी हुई थी। उसने मुझे कहा, राहुल जी यही बचा है मेरे खेत का। और कुछ बचा नहीं है। मैंने उससे पूछा भईया आपको बीमा का पैसा मिला, किसान ने मेरा हाथ पकड़ा और कहा- नहीं, मुझे पैसा नहीं मिला, हिन्दुस्तान के बड़े उद्योगपतियों ने वह मुझसे छीन लिया। उसकी भूख मुझे समझ आई और उसके बाद यात्रा बिलकुल बदल गई। मुझे भीड़ की आवाज नहीं सुनाई देती थी, मुझे सिर्फ उसकी आवाज सुनाई देती थी, जो मुझसे बात करता था। उसका दर्द, उसकी चोट मेरा दर्द बन गया।
ये देश सिर्फ एक आवाज है।

राहुल आगे बोले-लोग कहते हैं कि ये देश है, कोई कहता है कि ये अलग-अलग भाषाएं हैं, कोई कहता है कि ये मिट्टी है, ये सोना है-चांदी है, लेकिन ये देश सिर्फ एक आवाज है। देश के लोगों की आवाज है। और हमें अगर इस आवाज को सुनना है तो हमारे जो सपने हैं, उन्हें पूरा करना होगा। जब हम अपने सपनों को परे करते हैं तो हमें हिन्दुस्तान की आवाज सुनाई देती है। भारत एक आवाज है। भारत इस देश के सब लोगों की आवाज है। अगर हम उस आवाज को सुनना चाहते हैं तो हमें अहंकार और नफरत को हटाना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं गए

कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया, हमारे प्रधानमंत्री नहीं गए। क्योंकि प्रधानमंत्री के लिए मणिपुर देश नहीं है। मणिपुर आज नहीं बचा, आपने मणिपुर को तोड़ दिया है, दो भागों में बांट दिया है। मणिपुर में रिलीफ केम्प में मैंने महिलाओं से बात की, बच्चों से बात की, जो हमारे प्रधानमंत्री ने आज तक नहीं किया। एक महिला से मैंने पूछा बहन आपके साथ क्या हुआ? महिला कहती है, मेरा छोटा सा बेटा, एक ही बच्चा था मेरा। मेरे आंखों के सामने उसको गोली मारी है। मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही। मुझे डर लगा, मैंने अपना घर छोड़ दिया। जो भी मेरे पास था, मैंने छोड़ दिया। मैंने कहा, कुछ तो लाई होगी…बोली, मेरे पास सिर्फ मेरे कपड़े हैं। फिर उसने एक फोटो दिखाई कहा, यही मेरे पास बची है। मुझे डर लगा, मैंने अपना घर छोड़ दिया। जो भी मेरे पास था मैंने छोड़ दिया। दूसरे केम्प में महिला मेरे सामने आती है, मैं पूछता हूं कि क्या हुआ तुम्हारे साथ? जैसे ही मैंने यह सवाल पूछा तुम्हारे साथ क्या हुआ, वैसे ही वह कांपने लगी और वह बेहोश हो गई मेरे सामने।

मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई

मैंने आपको सिर्फ दो उदाहरण दिए हैं। इन्होंने मणिपुर में हिन्दुस्तान की हत्या की है। आपने मणिपुर में भारत माता की हत्या की है, आप देशद्रोही हो। आप भारत माता के रखवाले नहीं हत्यारे हो। आपने मणिपुर में मेरी मां की हत्या की। लंका को हनुमान ने नहीं जलाया था, लंका को रावण के अहंकार ने जलाया था। आप पूरे देश में भारत माता की हत्या कर रहे हो।

आपने मेरी मां की हत्या की है

मेरी एक मां संसद में बैठी है, दूसरी मां को आपने मणिपुर में मार दिया है। हिन्दुस्तान की सेना एक दिन में मणिपुर में शांति ला सकती है। अगर नरेन्द्र मोदी मणिपुर की लोगों की बात नहीं सुनते तो वह सिर्फ दो लोगों की बात करते हैं। जैसे रावण सिर्फ मेघनाथ और कुम्भकरण की सुनता था, वैसे नरेन्द्र मोदी सिर्फ अमित शाह और अडानी की सुनते हैं। लंका को हनुमान ने नहीं, लंका को रावण के अहंकार ने जलाया था। राम ने रावण को नहीं मारा था, रावण के अहंकार ने उसे मारा था। आप पूरे देश में केरोसीन फेंक रहे हो, चिंगारी लगा रहे हो। अब आप हरियाणा को जला रहे हो।

संसद में हंगामा और नारेबाजी

राहुल के भाषण के दौरान सत्ता पक्ष की ओर से लगातार शोर-शराबा और हंगामा होता रहा। दरअसल, राहुल की हत्या वाली टिप्पणी पर सत्तापक्ष के सांसद हंगामा करते रहे। स्पीकर ओम बिरला सांसदों को समझाते रहे, लेकिन इसका दोनों पक्षों पर कोई असर नहीं हुआ। कुछ सांसद वेल तक आकर नारे भी लगाने लगे। राहुल अपना भाषण देते रहे और उन्होंने कहा कि आपने (सरकार) मणिपुर में भारत माता की हत्या की है, आप देशद्रोही हो।

अपने इस भाषण ‌‌के बाद राहुल गांधी राजस्थान के दौरे पर रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.