गर्लफ्रेंड की सगाई होने से परेशान युवक ने गर्दन पर डेटोनेटर बांधकर खुद को उड़ा लिया, ब्लास्ट से धड़ अलग हो गया
एनसीआई@उदयपुर
गर्लफ्रेंड की सगाई से परेशान युवक ने रविवार देर रात करीब दो बजे अपनी गर्दन पर डेटोनेटर बांधकर खुद को उड़ा लिया। इस धमाके से युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए और धड़ अलग हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बुरी तरह घबरा गए। मामला उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र के ओड़वास गांव के मसारों की ओबरी गांव का है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपड़ोस के लोगों से बातचीत में सामने आया कि नीलेश मीणा (24) का एक लड़की से अफेयर था। वह लड़की नीलेश के ही गोत्र की थी। थानाधिकारी महिपाल सिंह ने बताया कि नीलेश गर्ल फ्रेंड की सगाई हो जाने से बुरी तरह परेशान था। वह गांव के पास एक खान में मजदूरी करता था। तड़के करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि ने एक युवक ने ब्लास्ट कर खुद को उड़ा लिया।

एसपी हेरंभ जोशी ने बताया कि घटना के बाद मामले की जांच की तो सामने आया कि नीलेश का गांव की ही लड़की से अफेयर चल रहा था। मगर दोनों के एक ही गोत्र का होने से इनकी शादी नहीं हो सकती थी। इसलिए लड़की की सगाई किसी और लड़के से कर दी गई थी।
घर से 100 मीटर की दूसरी पर हुआ ब्लास्ट
प्रारम्भिक जानकारी में सामने आया है कि नीलेश रविवार को ही कहीं से डेटोनेटर लेकर आया था। इसके बाद रात में घर से करीब 100 मीटर दूरी पर गया और खुद को ब्लास्ट कर दिया। धमाके की आवाज सुन नीलेश के पिता राजमल मीणा और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो नीलेश का सिर धड़ से अलग मिला।
लड़की के घरवालों पर गर्दन काटने का लगाया आरोप
बेटे की हालत देख पिता बेसुध हो गए। नीलेश के पिता राजमल मीणा ने ऋषभदेव थाने में लड़की के परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रविवार रात करीब 12 बजे बाद मेरे बेटे को घर से 5 जने बुलाकर ले गए थे और उसकी गर्दन काट दी।

जहां हादसा हुआ वह इलाका माइनिंग का
नीलेश डेटोनेटर कहां से और किससे लेकर आया था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। लेकिन नीलेश का गांव जिस ऋषभदेव इलाके में है, वहां मार्बल माइंस है। यहां माइंस में ब्लास्टिंग के लिए डेटोनेटर का उपयोग किया जाता है। ऐसे में ये भी अंदेशा है कि वह अपने किसी परिचित से इसे अवैध तरीके से लेकर आया हो।
