केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने चुनाव आयोग पहुंच सीएम अशोक गहलोत का नामांकन लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत खारिज करने की मांग की।
एनसीआई@जयपुर
भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ निर्वाचन आयोग पहुंच उनके सरदारपुरा विधानसभा सीट से भरे गए नामांकन पत्र में आपराधिक प्रकरणों की जानकारी छिपाने की शिकायत की है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि गहलोत के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन नामांकन पत्र के साथ पेश शपथ पत्र में इसे छुपाया गया है। पहला मुकदमा जमीन घोटाले से सम्बन्धित है, जबकि दूसरा मुकदमा रेप और यौन हिंसा से सम्बन्धित है।
भाजपा ने गहलोत के इस कृत्य को लोक प्रतिनिधित्व कानून के तहत दोषी मानते हुए चुनाव आयोग से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शिकायत की है और नामांकन पत्र खारिज करने की मांग की है। निर्वाचन आयोग पहुंचे केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि इस सम्बन्ध में जयपुर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त से शिकायत की गई है। इसमें कहा गया है कि अशोक गहलोत पुत्र लक्ष्मण सिंह ने 6 नवम्बर को नामांकन फार्म पेश किया था। इसमें सभी लम्बित आपराधिक प्रकरणों का विस्तृत ब्योरा देना आवश्यक था, लेकिन गहलोत ने जानबूझकर अधूरा विवरण प्रस्तुत किया है। गहलोत ने अपने खिलाफ दर्ज दो आपराधिक प्रकरणों का विवरण नामांकन पत्र में नहीं दिया, जो अनिवार्य था।
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने उठाया सवाल
शेखावत ने बताया कि गहलोत के खिलाफ जमीन घोटाले से जुड़ा एक मामला 08 सितम्बर 2015 को जयपुर के गांधीनगर थाने में भाारतीय दंड संहिता की धारा 166, 409, 420, 467, 468, 471 और 120 बी के तहत दर्ज है। वर्तमान में यह प्रकरण अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट के समक्ष विचाराधीन है। इसमें आगामी तारीख 24 नवम्बर है। इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण रेप और यौन हिंसा जैसी संज्ञेय धाराओं में दर्ज है। इसकी भी जानकारी नामांकन पत्र के साथ पेश शपथ पत्र में नहीं दी गई है, जबकि यह जानकारी देना अनिवार्य था।
इस मामले में जोधपुर के एडवोकेट नाथूसिंह राठौड़ की ओर से पेश शिकायत पत्र में कहा गया है कि गहलोत ने इससे पहले भी 2013 और 2018 के चुनाव में मिथ्या शपथ पेश कर तथ्यों को छिपाया था।इसकी शिकायत करने के बाद भी राज्य चुनाव आयोग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जो आयोग की निष्पक्षता पर प्रश्न चिह्न लगाता है।
पुरानी शिकायत पर भी आयोग ने नहीं की कार्रवाई
वहीं, गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आगे कहा है कि मुख्य निवार्चन आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयोग जयपुर और जिला निर्वाचन अधिकारी जोधपुर को पहले भी शिकायत की गई थी, मगर गहलोत का नामांकन पत्र खारिज करना तो दूर कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। यह विधि विरुद्ध है और निर्वाचन आयोग की प्रतिष्ठा के खिलाफ है।
