बदमाश 4 मिनट में ही 16 लाख रुपए लूटकर भाग चुके थे, मगर पुलिस डेढ़ घंटे तक बैंक को घेर कर खड़ी रही और अपराधियों से सरेंडर करने को कहती रही

एनसीआई@पटना
बिहार के भोजपुर के नवादा स्थित एक्सिस बैंक में आज बुधवार सुबह लुटेरे घुसे और 4 मिनट में ही 16 लाख रुपए लूट कर भाग गए। मगर पुलिस को मिली सूचना से ऐसी गफलत हुई कि पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक को घेर कर खड़ी हो गई। आसपास के घरों की छत पर भी मोर्चा जमा लिया। साथ ही अपराधियों से लगातार सरेंडर करने को कहा जाता रहा। डेढ़ घंटे की इस मशक्कत से जब कोई परिणाम नहीं निकला, तब पुलिस बैंक का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी। तब पता चला कि लुटेरे तो वारदात को अंजाम देकर और बैंककर्मियों को एक कमरे में बंद कर कभी के फरार हो चुके हैं। इस खुलासे पर पुलिस की हालत देखने लायक थी। इस बीच लुटेरों को सुरक्षित भाग निकलने का काफी समय मिल गया। अब पुलिस उन्हें ढूंढने की मशक्कत कर रही है।

बताया गया है कि पांच लुटेरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामला नवादा थाना क्षेत्र के कतीरा स्थित एक्सिस बैंक का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैंक को चारों ओर से घेर लिया, लेकिन बदमाश इससे काफी पहले 4 मिनट में ही 16 लख रुपए लूटकर फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार एक्सिस बैंक में सुबह 10 बजकर 17 मिनट पर पांच हथियारबंद बदमाश घुसे। उन्होंने एक मिनट में ही बैंक स्टाफ को पेंट्री रूम में बंद कर दिया। किसी व्यवसायी के पैसे जमा होने के लिए आए थे, ये कैश काउंटर पर रखे हुए थे। बदमाश तुरत फुरत इन पैसों को लूटकर भाग निकले। भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि 16 लाख रुपए लूटे गए हैं।

एसपी ने बताया, “बैंक के अंदर पांच की संख्या में अपराधी घुसे थे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस टीम मौके पर तुरंत पहुंच गई थी, लेकिन बदमाश तब तक 16 लाख की लूट कर मौके से फरार हो गए थे। उन्होंने गेट को लॉक कर दिया था, जिससे पुलिस टीम को कन्फ्यूजन हुआ कि वो अंदर ही मौजूद हैं। लेकिन जब ताला तोड़ा गया तो पता चला कि अपराधी पहले ही पैसा लूट कर भाग गए हैं। पुलिस के द्वारा शहर के चारों तरफ नाकाबंदी कर दी गई है, जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पैसे बरामद कर लिए जाएंगे। सभी अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई हैं।”
उधर, इस घटनाक्रम के दौरान बैंक के पास भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई थी।
