April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

केन्द्र सरकार की एडवायजरी: न प्रसारित करें रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़ी कोई गलत सूचना

केन्द्र सरकार की एडवायजरी: न प्रसारित करें रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़ी कोई गलत सूचना

22 जनवरी को भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ राम मंदिर का उद्घाटन किया जाएगा। सरकार ने फर्जी खबर पब्लिश करने को लेकर एडवायजरी जारी की है‌।

एनसीआई@नई दिल्ली

अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा एवं मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर दी गई है। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक इसी सिलसिले में केन्द्र सरकार ने एडवाइजरी जारी करते हुए मीडिया आउटलेट्स और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को राम मंदिर कार्यक्रम से सम्बन्धित झूठी और हेरफेर की गई खबरों को प्रकाशित करने से बचने के लिए कहा है।

एडवाइजरी में दी गई है यह हिदायत

सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है, “यह देखा गया है, विशेष रूप से सोशल मीडिया पर कुछ झूठे, भड़काऊ और फर्जी मैसेज फैलाए जा रहे हैं, जो साम्प्रदायिक सद्भावना और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ सकते हैं।” अयोध्या में राम लला की मूर्ति का अभिषेक समारोह 22 जनवरी को होगा, उसमें प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे।

भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ राम मंदिर का उद्घाटन किया जाएगा। राम मंदिर समारोह से पहले वीआईपी टिकट, राम मंदिर प्रसाद प्रदान करने का दावा करने वाले कई फर्जी लिंक सोशल मीडिया पर नजर आ रहे हैं।

राम मंदिर प्रसाद को लेकर अमेजन को दिया गया नोटिस

ई-कॉमर्स साइट अमेजन को शुक्रवार (19 जनवरी) को अयोध्या राम मंदिर प्रसाद की लिस्टिंग हटाने के लिए केन्द्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (Central Consumer Protection Authority) की ओर से नोटिस दिया गया था। इस पर अमेजन की ओर से कहा गया था कि वह अपनी नीतियों के अनुसार ऐसी लिस्टिंग के खिलाफ उचित कार्रवाई कर रहा है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अमेजन ने स्वीकार किया कि उसे कुछ विक्रेताओं के भ्रामक उत्पाद दावों के सम्बंध में सीसीपीए से एक नोटिस मिला है और कम्पनी उनकी जांच कर रही है।

वीआईपी टिकट का वायरल हुआ था नकली क्यूआर

इससे कुछ दिन पहले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए तत्काल वीआईपी टिकट का दावा करते हुए नकली क्यूआर कोड वाला एक वॉट्सएप मैसेज वायरल हुआ था। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने साफ किया था कि प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में निमंत्रण के लिए ट्रस्ट ने खुद ही चुनिंदा अतिथियों को निमंत्रण भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.