नर्सिंग ऑफिसर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार, बिल पास करवाने के लिए ठेकेदार से मांगे थे 15 हजार रुपए
एनसीआई@कोटा
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) कोटा की टीम ने ने कोटा एमबीएस हॉस्पिटल में कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर मंसूर अली को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोच लिया। आरोपी मंसूर अली हॉस्पिटल में वर्कशॉप इंचार्ज है। मंसूर अली ने बिल पास करवाने की एवज में खुद सहित बाबू व अकाउंट ऑफिसर के लिए ठेकेदार से 15 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। एमबीएस हॉस्पिटल में ट्रेप की इस कार्रवाई से हड़कम्प मच गया।
एडिशनल एसपी एंटी करप्शन ब्यूरो कोटा, विजय स्वर्णकार ने बताया कि परिवादी ने कोटा एसीबी चौकी में शिकायत दी थी। इसमें कहा गया था कि उसकी फर्म लम्बे समय से हॉस्पिटल में सप्लाई व मेंटिनेंस का टेंडर लेती रही है। हॉस्पिटल में वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर मंसूर अली उसका बिल पास करवाने की एवज में रिश्वत की डिमांड कर रहा है। वह खुद सहित बाबू व अकाउंट ऑफिसर के लिए 15 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा था। सोमवार को नर्सिंग ऑफिसर इसमें से 5 हजार रुपए ले चुका था। बाकी के दस हजार रुपए लेकर परिवादी को मंगलवार को हॉस्पिटल बुलाया था।
इस पर टीम ने ट्रेप की कार्रवाई करते हुए आरोपी मंसूर अली को नर्सिंग अधीक्षक कार्यालय में ही 10 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ लिया। हॉस्पिटल से केस से सम्बन्धित दस्तावेज जुटाए हैं। आरोपी ने जिनके नाम लिए हैं, उनकी भूमिका के बारे में जांच की जा रही है। आरोपी के घर भी पर भी जांच की जा रही है।
