राजस्थान में यहां आदिवासी बच्चों के बीच अचानक पहुंच गए अभिनेता अक्षय कुमार, एक करोड़ रुपए इसलिए देने की घोषणा की
एनसीआई@उदयपुर
उदयपुर की राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद को अक्षय कुमार एक करोड़ रुपए दान देंगे। खेरवाड़ा के खोखादरा गांव में परिषद का एक हॉस्टल पहले से है, जो अक्षय के पिता ‘हरिओम’ के नाम से परिषद के केम्पस में चल रहा है। इसका नाम ‘हरिओम हॉस्टल’ है। इसमें आदिवासी बच्चे रहते हैं। बुधवार सुबह अचानक अक्षय इस हॉस्टल में पहुंचे और बच्चों के साथ खूब मस्ती की। वह यहां की आरती में भी शामिल हुए और भजन गाए।

बच्चों को सरप्राइज देने पहुंचे अक्षय
राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के जनजाति सुरक्षा मंच के प्रदेश संयोजक लालूराम ने बताया- खेरवाड़ा के खोखादरा गांव में परिषद का हॉस्टल है। रोज की तरह बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे यहां आरती होने वाली थी। अचानक कई गाड़ियों का काफिला यहां रुका। सभी चौंक गए। सब सोचने लगे कि इतनी गाड़ियां एक साथ हॉस्टल में कहां से आ गईं, क्यों आईं? अचानक सबकी नजरें गाड़ी से उतरे अक्षय कुमार पर पड़ीं। उन्हें देखकर बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अक्षय के यहां इस तरह आ जाने की पहले से कोई सूचना नहीं थी। वे यहां अचानक बच्चों को सरप्राइज देने आए थे। उन्होंने यहां बच्चों के साथ समय बिताया। बच्चों से परिचय लिया और उनके साथ खूब खेले। इसके बाद उन्होंने बच्चों की कॉपियां देखीं। उनसे सवाल किए। यही नहीं अक्षय ने बच्चों के दिल की बात समझ कर उनके साथ जमकर सेल्फी ली, बच्चों के संग ग्रुप फोटो भी खिंचवाया।
गर्ल्स हॉस्टल के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा
लालूराम ने बताया- हॉस्टल में अक्षय पहले करीब 15 मिनट रुके, इस दौरान उन्हें पता चला कि कुछ देर में यहां आरती शुरू होने वाली है तो वो और रुक गए और ‘ओम जय जगदीश हरे’ आरती गाई। खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने बताया कि अक्षय कुमार सुबह साढ़े आठ बजे पहुंचे थे। उन्होंने इसी क्षेत्र में गर्ल्स हॉस्टल बनाने के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके लिए उन्होंने वनवासी कल्याण परिषद के पदाधिकारियों से कहा कि वह जमीन देखना शुरू करें, ताकि हॉस्टल का निर्माण करवाया जा सके। यहां अक्षय कुमार को सामने देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए। उन्होंने अक्षय पर फूल बरसाए।

शूटिंग के बीच में से यहां पहुंचे अक्षय
प्रदेश संयोजक लालूराम ने कहा- सालभर पहले अक्षय ने यहां वनवासी कल्याण परिषद के छात्रावास और भवन निर्माण में सहयोग किया था। उन्होंने इसके लिए दान दिया था। इसका नाम राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद हरिओम आश्रम छात्रावास है। बुधवार को अक्षय कुमार ‘खेल खेल में’ फिल्म की शूटिंग के बिजी शेड्यूल को छोड़ कर यहां आए और गर्ल्स हॉस्टल के लिए एक करोड़ रुपए दान देने की घोषणा की। वह करीब एक सप्ताह से लेक सिटी उदयपुर में शूटिंग कर रहे हैं।
अक्षय ने यहां परिषद के पदाधिकारियों से जमीन देखने को कहा है। जल्द ही हॉस्टल निर्माण के लिए कहा। अभी छात्रावास में 25 स्टूडेंट्स रहते हैं। इस दौरान पूर्व विधायक नानालाल अहारी, वनवासी कल्याण परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता विमल कोठारी, परिषद के जिलाध्यक्ष कांतिलाल खराड़ी व आश्रम प्रमुख ईश्वरलाल मौजूद रहे।

