दरवाजा खोलते ही 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा सरकारी कर्मचारी, लोकसभा चुनाव की ट्रेनिंग के दौरान हुआ यह हादसा, दोनों पैर फ्रेक्चर, रीढ़ की हड्डी खिसकी
एनसीआई@जोधपुर
लोकसभा चुनाव 2024 के पीठासीन अधिकारी की ट्रेनिंग में आए कर्मचारी के साथ निर्माणाधीन भवन में गम्भीर हादसा हो गया। वह 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। गनीमत रही कि उस कर्मचारी की जान तो बच गई, मगर उसके दोनों पैर फ्रेक्चर हो गए। मौके पर मौजूद कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने उस कर्मचारी को एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां उसका उपचार जारी है।

यह हादसा शनिवार अपराह्न 3 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थित मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में हुआ। यहां जल संसाधन विभाग में कार्यरत हीराराम लोकसभा चुनाव 2024 के पीठासीन अधिकारी की ट्रेनिंग लेने आए थे। इसी दौरान वह यहां वॉशरूम लिखे एक दरवाजे को देख जैसे ही अंदर घुसे तो दरवाजे के पीछे गड्ढे में गिर गए। गड्ढा 15 फीट गहरा बताया गया है।
यहां मौजूद अन्य कर्मचारियों के अनुसार, कॉलेज परिसर अभी निर्माणाधीन है। इसलिए यहां कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। हीराराम यहां वाशरूम के लिए दरवाजे खोल कर उसमें जाने लगे तो आगे बने हुए गड्ढे में गिर गए। उनके दोनों पैरों में फ्रेक्चर हो गया और रीढ़ की हड्डी भी खिसकने की जानकारी मिली है। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिला अध्यक्ष शम्भू सिंह मेड़तिया व जिला मंत्री भंवर राम जाखड़ ने हीराराम को अस्पताल पहुंचाया। कर्मचारी संघ ने इसके लिए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
कर्मचारी संघ का कहना है कि यह सेंटर अभी निर्माणाधीन है। यहां उचित सुरक्षा उपाय के बिना ट्रेनिंग के लिए इस सेंटर का चयन किया गया था। उल्लेखनीय है कि शनिवार को इसमें 1600 लोगों की ट्रेनिंग थी। इसी सेंटर पर 3 दिन में 7000 लोगों को ट्रेनिंग दी गई थी।
