राजस्थान: नेता के निष्कासन से कांग्रेस में मच गया बवाल, 415 पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, निष्कासित तेजपाल मिर्धा बोले- हनुमान बेनीवाल पार्टी को खत्म करने वाला टूल
एनसीआई@नागौर
यहां शुक्रवार को कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, कुचेरा नगरपालिका अध्यक्ष व विधानसभा चुनाव में खींवसर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे तेजपाल मिर्धा सहित 3 नेताओं को पार्टी से निष्कासित करना कांग्रेस पर ही भारी पड़ रहा है। इससे नाराज होकर नागौर के खींवसर इलाके से 415 कांग्रेसियों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
ये सभी नाराज कांग्रेसी शुक्रवार को नागौर में एक जगह जमा हुए। इन्होंने पहले सभा की और इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस्तीफा देने की घोषणा की। निष्कासित तेजपाल मिर्धा ने बताया कि ये सभी इस्तीफे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भेजे जा रहे हैं। इंडी गठबंधन के प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल की शिकायत पर 8 अप्रेल को तेजपाल मिर्धा सहित सुखराम व भंवराराम को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था।

बेनीवाल नागौर में कांग्रेस को खत्म करने वाला टूल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस से निष्कासित नेता तेजपाल मिर्धा ने कहा-हनुमान बेनीवाल एक टूल है, जो पूरे नागौर में कांग्रेस पार्टी को खत्म करने में लगे हैं। ऐसे व्यक्ति के साथ गठबंधन करने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गहरा आघात लगा है। इसलिए हम सभी कांग्रेस से सामूहिक त्याग पत्र दे रहे हैं।
तेजपाल मिर्धा ने कहा-कांग्रेस आलाकमान ने स्थानीय कांग्रेसी संगठन की मर्जी के बिना रालोपा से गठबंधन किया। ये गठबंधन कांग्रेसियों पर थोपा गया है। रालोपा ने तो पूरे जिले में कांग्रेस को हराने का काम किया था। हमने कभी भाजपा के साथ मंच साझा नहीं किया, फिर भी बेनीवाल ने हमें पार्टी से निकलवा दिया। क्योंकि वो नहीं चाहते कि उनका मुकाबला कांग्रेस से हो। कांग्रेस पार्टी ने बिना किसी सूचना या कारण बताओ नोटिस के सीधे तुगलकी फरमान जारी कर मेरा निष्कासन कर दिया।

तेजपाल मिर्धा ने कहा- अब राजस्थान में इंदिरा गांधी वाली कांग्रेस नहीं बची। यहां एक व्यक्ति अपने हिसाब से पार्टी चला रहा है। कांग्रेस आलाकमान तक ये संदेश पहुंचना जरूरी है कि राजस्थान में कांग्रेस ही कांग्रेस को खत्म कर रही है।
दरअसल, हनुमान बेनीवाल ने तेजपाल, सुखराम दोड़वाड़िया और भंवराराम सुबका की शिकायत कांग्रेस आलाकमान से की थी। इसके बाद इन तीनों के खिलाफ कार्यवाही हुई।
कांग्रेस के एक नेता ने स्वार्थ के लिए किया रालोपा से गठबंधन
तेजपाल मिर्धा ने आरोप लगाया- कांग्रेस के एक नेता ने अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए नागौर में रालोपा से गठबंधन करवाया है, ताकि उन्हें कहीं और वोट मिल जाएं। मनीष मिर्धा नागौर की राजनीति को नहीं जानते हैं। मनीष परिवार के जमीनी विवाद को राजनीतिक मंच पर ले गए, ये ठीक नहीं है।
लोकसभा चुनावों को लेकर तेजपाल मिर्धा ने कहा- वे इस चुनाव तक निर्दलीय रहेंगे। तेजपाल मिर्धा के समर्थन में इस्तीफा देने वालों से उन्होंने कहा- रालोपा को हराना है, इसके लिए चाहे नोटा का बटन दबाएं। कांग्रेस के निष्ठावान लोगों का पार्टी का निष्कासन करना कांग्रेस पार्टी को जड़ से खत्म करने का तरीका है।
भाजपा स्वागत को आतुर, आगे भी कांग्रेस छोड़ते रहेंगे लोग
भाजपा में जाने के सवाल पर तेजपाल मिर्धा ने कहा- भाजपा बाहें पसारकर स्वागत करने को आतुर है, क्योंकि यहां कांग्रेस से इस्तीफा देने वालों में पूरा एक नगरपालिका बोर्ड शामिल है। कांग्रेस से इस्तीफा देने वालों का सिलसिला अभी आगे भी चलेगा।
इन पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
आज कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वालों वालों में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष, कुचेरा नगरपालिका के कांग्रेसी पार्षद, खींवसर के कांग्रेसी पंचायत समिति सदस्य, पूर्व पार्षद, जिले, ब्लॉक और मंडल कार्यकारिणी के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, सहसचिव और प्रवक्ता सहित कई पदाधिकारी शामिल हैं।
इसके अलावा बैराथल, आकला, महेशपुरा, ढिंगसरा, नंदवाणी, गोडन, चावंडिया, भेड़, बैराथल, गुढा भगवानदास, खड़कली, गालनी, चरणीसरा, आंदोलाव, भूंदेल, नैनाउ, दूजासर, डेउ, दांतिणा, टांटवास, भोजास, झाड़ेली, सोन नगर, अखासर, करणू, भडोरा, माणकपुर, भावंडा, लालावास, लालाप सहित विभिन्न गांवों के मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी भी शामिल हैं।
बेनीवाल ने कहा था-गठबंधन तरबूजों का ढेर

उल्लेखनीय है कि नागौर लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल ने अपनी सहयोगी पार्टी कांग्रेस पर करारा तंज कसा था। उन्होंने जायल (नागौर) के गौराऊ गांव में रविवार रात आयोजित सभा में गठबंधन को मतीरों (तरबूजों) का ढेर बताया था। यह भी कहा था कि मैंने हाथ जोड़कर कहा था कि मुझे चुनाव में मत उतारो। गठबंधन की एक पार्टी के 5 लोग खड़े होते हैं, 6 वापस बैठ जाते हैं। गठबंधन तो तरबूज के ढेर जैसा होता है। सबका एक साथ ढेर लगाया ही नहीं जा सकता।
बेनीवाल ने यह भी कहा था कि मैं कांग्रेस जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गेसावत और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को बार-बार कह रहा हूं कि यहां (नागौर में) इस समय कांग्रेस के 5-7 लोग ऐसे हैं, जो कांग्रेस का दुपट्टा पहनकर भाजपा का प्रचार कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बाहर निकालो। इस पर पार्टी ने सोमवार रात भाजपा प्रत्याशी ज्याेति मिर्धा के रिश्ते में लगने वाले भाई तेजपाल मिर्धा सहित तीन नेताओं को पार्टी से निकाल दिया था।
