पंजाब के बड़े आईपीएस अधिकारी ने छोड़ी नौकरी, कहा-‘पिंजरे से आजाद हुआ’, अब लगने लगीं सियासी अटकलें
एनसीआई@चंडीगढ़
पंजाब के सीनियर आईपीएस अधिकारी (ADGP) गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने अपनी नौकरी से स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है। उन्होंने 30 साल की नौकरी के बाद वीआरएस ले लिया है। इसके बाद ढिल्लो ने इस बात की खुद पुष्टि करते हुए बड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा- ‘पिंजरे से आजाद महसूस कर रहे हैं, देखते हैं किस्मत कहा लेकर जाती है।’
उल्लेखनीय है कि गुरिंदर सिंह ढिल्लो 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। ऐसे में चर्चा है कि ढिल्लो किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार गुरिंदर सिंह ढिल्लो ने वीआरएस लेने के लिए जो फाइल पंजाब सरकार को भेजी थी, उसमें उन्होंने अपनी सेहत का हवाला दिया था। यह भी पता लगा है कि ढिल्लो आगामी मई माह में ही सेवानिवृत होने जा रहे थे। इसलिए एक माह पूर्व ही लिए गए इस वीआरएस को तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले आईएएस अधिकारी परमपाल कौर ने भी वीआरएस ले ली थी। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गईं थीं। पार्टी ने उन्हें बठिंडा से लोकसभा चुनाव का टिकट दिया है।
