अफीम तस्करी के मामले में गिरफ्तार प्रशिक्षु एसआई बर्खास्त, फोन से ली थी नाकाबंदी की जानकारी
एनसीआई@बीकानेर
नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में अपराधियों का साथ देने के आरोपी बीकानेर के पांचू थाने में तैनात रहे एसआई (प्रोबेशनर) रमेश कुमार बिश्नोई को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।
बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि रमेश कुमार बिश्नोई, निवासी खारियों की ढाणी, जम्भेश्वर नगर भाखरी, तहसील ओसियां, जिला जोधपुर के खिलाफ यह कार्यवाही की है । वह उप निरीक्षक (प्रोबेशनर) के रूप में रिजर्व पुलिस लाइन, बीकानेर में पदस्थापित था।

दो जनों को पकड़ अफीम की थी बरामद
23 मार्च को थानाधिकारी पुलिस, थाना पांचू रामकेश मीणा ने नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से दो व्यक्तियों को पकड़ कर उनसे अफीम बरामद की थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 25 में पुलिस थाना पांचू में केस दर्ज किया गया था।
फोन पर ली थी नाकाबंदी की जानकारी
पुलिस थाना पांचू के पुलिसकर्मियों की ओर से की जा रही नाकाबंदी की जानकारी रमेश ने टेलीफोन से ली थी। इसके बाद वह खुद मौके पर पहुंच गया और थानाधिकारी पांचू की ओर से की जा रही कार्रवाई को रोकने के लिए थानाधिकारी पर अपने पद का दबाव बनाने की कोशिश की। इस प्रकरण में एसआई रमेश कुमार की संलिप्तता पाए जाने पर जांच अधिकारी वृत्ताधिकारी वृत्त नोखा ने 28 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।
आरोपी एसआई के खिलाफ महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज बीकानेर की ओर से सीसीए नियमों के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से बुधवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
