April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा: सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन रविवार को, गंगा दशमी के उपलक्ष्य में 33 युवक-युवती बनेंगे हमसफर

कोटा: सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन रविवार को, गंगा दशमी के उपलक्ष्य में 33 युवक-युवती बनेंगे हमसफर

• लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि

• समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास है सामूहिक विवाह सम्मेलन: नवल किशोर गुप्ता

एनसीआई@कोटा

श्री राम रघुनाथ गर्ग चैरिटेबल ट्रस्ट व इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में सर्वजातीय निःशुल्क विवाह सम्मेलन रविवार,16 जून को रीको सामुदायिक भवन इंद्रा विहार में आयोजित किया जाएगा। श्री राम रघुनाथ गर्ग चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष नवल किशोर गुप्ता ने बताया कि विवाह सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 33 जोड़ों के इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। अध्यक्षता कोटा नागरिक बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला करेंगे। विशिष्ट अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा व कल्पना देवी भी नवविवाहिताओं को आशीर्वाद देंगी।

गुप्ता ने कहा- सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर नवल किशोर गुप्ता के साथ रेडक्रॉस के स्टेट सेक्रेट्री जगदीश जिंदल, निदेशक महेन्द्र शर्मा, आयोजन समिति  सदस्य हरीश गर्ग, वेद प्रकाश गर्ग, लखन मीणा, गिरिराज गर्ग, सत्यनारायण गर्ग, सुरेश चंद शर्मा, प्रांजल गर्ग व चंद्रकांत खंडेलवाल भी मौजूद रहे।

हिन्दू रीति-रिवाज से होंगे विवाह

नवल गुप्ता ने बताया​ कि इस आयोजन का शुभारम्भ रविवार सुबह 10 बजे मंगल बेला में शहनाई वादन से होगा। इसके बाद आईएल मंदिर से दूल्हों की बिंदोरी निकाली जाएगी। इसमें घोड़ों पर सवार होकर दूल्हे तोरण मारने इंद्र विहार स्थित विवाह स्थल पर पहुंचेंगे। वहां पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह सामूहिक विवाह सम्मेलन सम्पन्न कराएंगे। सभी 33 युवक-युवतियां एक साथ, एक दूसरे को वर माला पहनाएंगे और जीवन भर साथ निभाने का वादा करेंगे।

ये देंगे उपहार

गुप्ता ने बताया कि शुभकामनाओं के साथ नव जोड़ों को श्री राम रघुनाथ गर्ग चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की नाग की लोंग, चांदी की पायजेब व बिछिया, पलंग, गद्दा, बेडशीट, तकिया, कम्बल, स्टील अलमारी, स्टील बर्तन सेट, प्रेशर कुकर, गैस चूल्हा, ट्रॉली बैग, कूलर, वर-वधु की पोशाक सहित जीवन की आवश्यकता की 21 वस्तुएं भेंट की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.