April 29, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: बीजेपी के प्रदेश प्रभारी बोले- राहुल गांधी का नाम अकबराबादी रखा, वह अकबर और मुगल साम्राज्य की मानसिकता से देश को तोड़ना चाहते हैं, ये ही असल में आरक्षण विरोधी

राजस्थान: बीजेपी के प्रदेश प्रभारी बोले- राहुल गांधी का नाम अकबराबादी रखा, वह अकबर और मुगल साम्राज्य की मानसिकता से देश को तोड़ना चाहते हैं, ये ही असल में आरक्षण विरोधी

एनसीआई@दौसा

भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने गुरुवार को दौसा में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा- हमने राहुल गांधी का नाम राहुल अकबराबादी रख दिया है। वे अकबर और मुगल साम्राज्य की मानसिकता के साथ देश को तोड़ना चाहते हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल दौसा पहुंचे थे। यहां इन्होंने दौसा उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन मीटिंग की।

आरक्षण को मुद्दा बनाने वाले आरक्षण विरोधी

इस मौके पर प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा- जो लोग आरक्षण के वर्गीकरण को मुद्दा बना रहे हैं, वही असल में आरक्षण विरोधी हैं। ये 65 साल सत्ता में रहे हैं। अनुसूचित समाज को गालियां देते रहे। काका कालेकर की रिपोर्ट इन्होंने नहीं बनाई। मंडल कमीशन की रिपोर्ट पड़ी रही लेकिन इन्होंने उसे लागू नहीं किया।

अग्रवाल ने कहा-पूरा समाज बीजेपी के साथ है। हमने मजबूती के साथ उनके हक की लड़ाई लड़ी है। समाज बीजेपी का आभारी है। सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है उसे लागू नहीं करने का केबिनेट ने फैसला किया है। इसके बावजूद यदि कुछ लोग समाज को भड़काना चाहते हैं तो वह देश विरोधी ताकतें हैं। राहुल गांधी का नाम हमने राहुल अकबराबादी रख दिया है। वे अकबर व मुगल साम्राज्य की मानसिकता से देश तोड़ना चाहते हैं।

लेटरल एंट्री से ही मनमोहन सिंह वित्त सचिव बने थे

लेटरल एंट्री को लेकर प्रदेश प्रभारी ने कहा- डॉ. मनमोहन सिंह लैटरल एंट्री के सबसे बड़े उदाहरण हैं। भाजपा इसमें आरक्षण की पक्षधर है। लेटरल एंट्री में आरक्षण की बात कही है। बिना आरक्षण के हम लेटरल एंट्री को लागू नहीं करेंगे।

अग्रवाल ने कहा-विपक्ष के लोग इसके विरोध का नाटक कर रहे हैं। इसलिए मेरा उनसे आग्रह है कि मनमोहन सिंह को पार्टी से निकलें, क्योंकि लेटरल एंट्री के सबसे बड़े उदाहरण वही है। जिस तरह उन्हें वित्त विभाग में सचिव बनाकर लाया गया था, वह किसी प्रक्रिया में नहीं था। उनकी सरकार ने उन्हें वित्त सचिव और देश का प्रधानमंत्री तक बनाया। ऐसे में आज वह पहले अपनी गलतियों का एहसास करें, मनमोहन सिंह के लिए क्षमा मांगे और इसके बाद लेटरल एंट्री की बात करें।

मजबूती से पूरा करेंगे सदस्यता अभियान, सभी 199 सीटों पर जाएंगे 

भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा- मैं फील्ड में परसों ही उतर चुका हूं। प्रदेश सदस्यता अभियान चल रहा है। इसके तहत प्रदेश की सभी 199 विधानसभा सीटों पर जाएंगे और संगठन को मजबूत करेंगे। संगठन मजबूत होगा तो उपचुनाव जीतेंगे। अभी तो उपचुनाव की तारीख की घोषणा नहीं हुई है। पार्टी के ज्यादा से ज्यादा सदस्य कैसे बनें, इसे लेकर काम कर रहे हैं, जिससे संगठन मजबूत हो सके।

इस बैठक में बूथ समितियों के अध्यक्षों से संवाद किया गया। साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान की जानकारी दी गई।

प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ व प्रदेश प्रभारी अग्रवाल ने दौसा विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। इसमें प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सहित जिला प्रभारी व अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। यहां लालसोट विधायक रामविलास डूंगरपुर, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा, महवा विधायक राजेन्द्र प्रधान, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, प्रभारी प्रभुलाल सैनी, भूपेन्द्र सैनी सहित भाजपा पदाधिकारी पहुंचे।

वन-टू-वन संवाद किया

दौसा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रदेश प्रभारी अग्रवाल ने प्रमुख कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद किया। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के साथ समीकरणों व पार्टी की ग्राउंड स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भाजपा के विचार परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी फीडबैक लिया।

प्रारम्भ में दौसा पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल सोमनाथ चौराहे पर मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कलक्ट्रेट चौराहे व सोमनाथ रीको क्षेत्र में कई जगह स्वागत कार्यक्रम हुए।

कांग्रेस ने संविधान खत्म करने का भ्रम फैलाया

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- मुझे हाल ही में जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मिलना व उनके अनुभवों का लाभ लेने का प्रयास कर रहा हूं। उपचुनाव के सवाल पर कहा कि सभी सीटें बीजेपी जीतेगी। वैसे तो हर चुनाव एक तरह युद्ध ही होता है। इसके लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएगा।

बीते चुनाव में देखने को मिला कि कांग्रेस ने आरक्षण और संविधान खत्म करने का भ्रम फैलाया, लेकिन वह भ्रम अब मिट चुका है, क्योंकि हमारी सरकार भी बन गई और हमने आरक्षण के साथ किसी प्रकार की कोई छेड़छाड़ भी नहीं की।

सबको पता है संविधान में भी किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। यही नहीं कांग्रेस अब कितना भी दुष्प्रचार कर ले, जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी।

कांग्रेस तोड़ने व भाजपा जोड़ने का काम करती है

राठौड़ ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा समाज को तोड़ने का काम किया है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण की कामना की है। केन्द्र सरकार ने ऐसी योजनाएं बनाई है कि किसी भी व्यक्ति की कोई पूजा पद्धति हो, हमें किसी से कोई आपत्ति नहीं है। कोई मस्जिद या मंदिर में जाए, लेकिन उसका राष्ट्रीय चरित्र और देशभक्त होना चाहिए। भाजपा समाज को जोड़ना चाहती है, लेकिन कांग्रेस हमेशा तोड़ने का काम करती है।

उपचुनाव में दर्जनों दावेदार होने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- दावेदारों की महत्वाकांक्षा होना कोई बुरी बात नहीं है, यह तो सभी जगह होता है। लेकिन निर्णय सामूहिक होता है और उसे सभी स्वीकार करते हैं। वहीं पार्टी में भीतरघात के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने भ्रम पैदा किया इसलिए जनता भ्रमित हो गई, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

आरक्षण व लेटरल एंट्री के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा सवाल खड़े करने पर राठौड़ ने कहा- विपक्ष का तो यही काम है और कांग्रेस तो कभी नहीं चाहेगी कि भाजपा सफल हो, लेकिन विपक्ष को भी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। इसके विपरीत विपक्ष द्वारा सत्ता पक्ष की कमियां गिनाने की बजाय लोगों को भ्रमित करने का काम किया जा रहा है। इसे भी लोग समझ चुके हैं। संगठन में बदलाव के सवाल पर कहा कि कहीं थोड़ी बहुत कमी होती है तो उसे दुरुस्त किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.