जिसकी तलाश में पहुंची थी पुलिस, उसने नहीं, उसके दोस्त ने की थी गोली मार कर आत्महत्या, मृतक भी था शातिर अपराधी, हत्या, लूट, डकैती जैसे 15 गम्भीर मामले दर्ज थे इसके खिलाफ
मृतक युवक महावीर नगर थाना इलाके में हुई फायरिंग मामले में भी था आरोपी
एनसीआई@कोटा
बोरखेड़ा थाना इलाके के एक मकान की पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी के बाद जिस युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की थी, वह पुलिस का वह वांछित आरोपी नहीं था, जिसकी तलाश में पुलिस यहां पहुंची थी।अपितु वह उसका दोस्त निकला। यह अलग बात है कि यह मृतक भी उस अपराध में शामिल था, जिसमें कार्रवाई करने पुलिस यहां पहुंची थी। यह जानकारी सामने आने के बाद मामले में सनसनीखेज मोड़ आ गया है
दरअसल 26 जनवरी की रात महावीर नगर थाना इलाके के एक दुकानदार पर हुई फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी रुद्र मीना उर्फ आरडीएक्स को तलाश करते हुए पुलिस रविवार को नीलकंठ अपार्टमेंट के पास श्रीनाथपुरम् कॉलोनी में उसके मकान तक जा पहुंची थी। यहां पुलिस ने मकान की घेराबंदी की। पुलिस की हिदायत के बाद मकान का गेट खोले जाने की जगह अंदर से गोली चलने की आवाज आई थी। इसके बाद पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो वहां एक युवक की लाश मिली। पुलिस ने मृतक को वांछित आरोपी रुद्र मीना उर्फ आरडीएक्स ही समझा। मगर अब जो सच्चाई सामने आई है उससे पूरा ही मामला पलट गया है। मृतक रुद्र मीना उर्फ आरडीएक्स नहीं अपितु उसका दोस्त प्रीतम गोस्वामी निकला। सोमवार सुबह रुद्र के परिजनों ने शव देखकर इस बात का खुलासा किया तो पुलिस सन्न रह गई। इससे यह भी साफ हो गया कि फायरिंग मामले का वांछित आरोपी रुद्र मीना अभी जिंदा है और फरार है। खास बात यह है कि मृतक खुद बहुत बड़ा अपराधी निकला। इस पर हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट जैसी धाराओं में विभिन्न थानों में 15 मुकदमे दर्ज हैं।
यह है कयास
इस मामले में पुलिस का मानना है कि उसे देखकर रुद्र तो भाग निकलने में सफल रहा था, मगर उसका दोस्त प्रीतम गोस्वामी वहीं फंसा रह गया। चूंकि वह खुद बड़ा अपराधी था, इसलिए घबरा कर उसने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसके चेहरे पर गहरा घाव हुआ था, इसलिए शुरुआती जांच में पुलिस को शव रुद्र का ही लगा था। खास बात यह थी कि रुद्र की बाइक भी मकान पर ही खड़ी हुई थी, इसकी चाबी भी वहीं मिली।
एएसपी ने यह बताया पूरा घटनाक्रम
एएसपी दिलीप सैनी ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी रजनीश पोर्टर को पुलिस 27 जनवरी को गिरफ्तार कर चुकी है। फायरिंग करने वाले 5 आरोपियों में रुद्र उर्फ आरडीएक्स (26) निवासी प्रेमपुरा, इटावा और प्रीतम गोस्वामी निवासी विनोबा भावे नगर, रंगबाड़ी भी शामिल थे।
कई दिन से पुलिस फायरिंग के आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने रविवार को लोकेशन ट्रेस कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मकान के अंदर से गोली चलने की आवाज आने के बाद अंदर जाकर देखा तो वहां एक कमरे में युवक का शव मिला। इसके चेहरे पर गोली लगी हुई थी।
परिजनों ने शव देखकर किया खुलासा
सैनी का कहना है कि, पहले लगा कि यह रुद्र उर्फ आरडीएक्स है। उसके शव को हॉस्पिटल पहुंचा दिया था। आज सुबह मोर्चुरी में उसके परिजनों ने शव देख कर सच्चाई बताई। उन्होंने ही बताया कि मृतक रुद्र का दोस्त प्रीतम है। वह कोटा रंगबाड़ी इलाके का ही रहने वाला है। प्रीतम के पैर में रॉड डली होने के कारण वह मौके से भाग नहीं सका होगा। घटना स्थल से रुद्र की गाड़ी और चाबी मिली है। इसके अलावा रुद्र और प्रीतम की आईडी भी मिली है।
