बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने रथ खींचकर किया शुभारम्भ
एनसीआई@बूंदी
छोटी काशी के नाम से विख्यात बूंदी शहर रविवार को पूरी तरह से कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में शहर में भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलदेव एवं बहन सुभद्रा महारानी की भव्य और दिव्य रथ यात्रा निकाली गई। इस्कॉन के बूंदी प्रभारी गजेंद्र पति विष्णु दास के सानिध्य में सम्पन्न हुए इस आयोजन में शहरवासियों का अपार उत्साह देखने को मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आयोजन समिति के सदस्य व सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि रथ यात्रा से पूर्व रविवार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक नैनवां रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान इस्कॉन केंद्र से जुड़े भक्तों और छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम 5 बजे भगवान को भव्य रथ में विराजमान कर उनका नयनाभिराम शृंगार किया गया तथा खिचड़ी एवं विविध मेवा-मिष्ठान का छप्पन भोग लगाया गया।
अतिथियों ने खींचा भगवान का रथ
रथ यात्रा का शुभारम्भ बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना कर किया। अतिथियों ने पूरे भक्तिभाव से श्री जगन्नाथ जी विराजित रथ को खींचा और भगवान से बूंदी के सर्वांगीण विकास एवं खुशहाली की प्रार्थना की। जैसे ही भगवान का रथ सड़कों पर निकला, पूरा माहौल ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हरे रामा-हरे कृष्णा’ के जयकारों से गूंज उठा।
