एनसीआई@पाली
पाली में बीमार पत्नी से मिलने हॉस्पिटल जा रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसके दो साथी भी गम्भीर घायल हो गए। यह हादसा सोमवार देर शाम रूपावास रोड स्थित गिरादड़ा के पास हुआ।

सदर थाने के एएसआई मोहनलाल गुर्जर ने बताया कि सोमवार देर शाम राणाराम (22) पुत्र रूपाराम अपने दो साथियों के साथ सेदरिया (जेतपुर) से बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती अपनी बीमार पत्नी से मिलने जा रहा था। इस दौरान रुपावास रोड स्थित गिरादड़ा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए।
इस हादसे में राणाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी जोगेंद्र (25) पुत्र मोटाराम और महेंद्र (22) पुत्र जगाराम घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने राणाराम के शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
