एनसीआई@बूंदी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत सोमवार को तिरंगा रैली के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया गया।

खेल संकुल परिसर से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, स्कूली विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सभी वर्गों की सहभागिता से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली खेल संकुल से प्रारम्भ होकर सर्किट हाउस होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बूंदी पहुंची। इस दौरान यात्रा में शामिल जन प्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, विद्यार्थी व आमजन हाथ में तिरंगा थामे हुए डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के साथ उत्साहपूर्वक देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह ने कहा कि तिरंगा भारत के स्वाभिमान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। जहां एक ओर तिरंगा यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्र भावना को सशक्त किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर हर घर तिरंगा अभियान से देश को एक सूत्र में बांधने का अभियान जारी है। युवाओं के साथ-साथ सभी में राष्ट्रीय चेतना जाग्रत हो और संविधान के आदर्शों की रक्षा करने का संकल्प लें।
इस दौरान एएसपी जसवीर मीणा, जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अर्चना तंवर, सुरेश अग्रवाल, विकास शर्मा, मोहन कराड़ आदि मौजूद रहे।
