पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी ‘वारिस पंजाब दे’ ने बड़ा दांव खेलते हुए इंदिरा गांधी हत्याकांड के दोषी केहर सिंह के बेटे को बस्सी पठाना से उम्मीदवार घोषित किया है।
एनसीआई@चंडीगढ़
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी ‘वारिस पंजाब दे’ ने अपने पहले उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है। पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के दोषी केहर सिंह के बेटे को बस्सी पठाना सीट से उम्मीदवार बनाया है। यह घोषणा अमृतसर में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘वारिस पंजाब दे’ के कार्यकारी अध्यक्ष और अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह और फरीदकोट के सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने की। उल्लेखनीय है कि केहर सिंह को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया था और बाद में फांसी दे दी गई थी।
अमृतपाल सिंह के पिता ने बताया मकसद
पार्टी उम्मीदवार की घोषणा करते हुए तरसेम सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी का मकसद सिर्फ राजनीतिक सत्ता पाना नहीं है। यह पंथिक सिद्धांतों, पंजाब के अधिकारों और समुदाय के लिए कुर्बानी देने वाले परिवारों के योगदान और सम्मान को मान्यता देने पर केंद्रित है। हाल ही में हुई राजनीतिक आलोचनाओं के जवाब में कि पार्टी पुरानी कुर्बानियों से जुड़े परिवारों से दूरी बना रही है, उन्होंने कहा कि सतवंत के बेटे को उम्मीदवार बनाना इस बात का सीधा सबूत है कि ऐसा नहीं है। तरसेम ने कहा कि ऐसे परिवारों को सम्मान देने का हमारा तरीका सिर्फ सार्वजनिक बयानों तक सीमित नहीं है। ऐसी कुर्बानियां देने वालों के परिवार के सदस्यों को संगठन में भी जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूत करने की मुहिम के तहत पार्टी ने सतवंत के भतीजे सुखविंदर सिंह अगवान को अपने संसदीय बोर्ड में शामिल किया है।

सतवंत सिंह के बारे में और भी जानें
बस्सी पठाना के मुस्तफाबाद गांव के रहने वाले 61 साल के सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के दोषी केहर सिंह के बेटे हैं। वो एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी हैं। वो फतेहगढ़ साहिब जिले की बस्सी पठाना सीट से अपना पहला चुनाव लड़ेंगे।
